Shimla News: हिमाचल प्रदेश में 26 जुलाई तक मानसून सामान्य बना रहेगा। मौसम विभाग ने 23 से 26 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 27 से 29 जुलाई के बीच मानसून रफ्तार पकड़ेगा और कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
बिलासपुर में 56 मिमी बारिश दर्ज, तापमान गिरा
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि बीते 24 घंटों में राज्य के अनेक हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। बिलासपुर में सबसे ज्यादा 56 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मनाली और नाहन में लगभग 30-30 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। मानसून के असर से तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आई है।
विभाग के अनुसार 23 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा 24 से 26 जुलाई के दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला समेत कई जिलों में भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है। शिमला, सोलन और चंबा में बुधवार सुबह से ही घने बादल छाए रहे।
27 जुलाई से ऑरेंज अलर्ट और प्रशासन की अपील
मानसून ट्रफ हिमालय की तलहटी में सक्रिय रहने से 27 से 29 जुलाई के बीच बारिश का दौर और तेज होगा। विभाग ने 27 जुलाई के लिए कांगड़ा और मंडी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और भूस्खलन वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
राज्य में मानसून सीजन के दौरान अब तक विभिन्न हादसों में करीब 70 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें लैंडस्लाइड, सड़क दुर्घटनाएं, सांप के काटने और पहाड़ियों से गिरने जैसी घटनाएं शामिल हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक सतर्कता बरतने की अपील की है।