Shimla News: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने चंबा, मंडी, सिरमौर और कांगड़ा जिलों के सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है। इसके साथ ही भरमौर में प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा रोक दी गई है।
किन्नौर में बाढ़ से बहा पुल, संपर्क टूटा
किन्नौर जिले के छितकुल-दुमती के पास तुम्बर खड्ड में आई अचानक बाढ़ से महत्वपूर्ण पुल बह गया। इससे सीमावर्ती क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह कट गया है। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए तेज बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
चारों जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद
मंडी के डीसी अपूर्व देवगन और सिरमौर की डीसी प्रियंका वर्मा ने सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद करने का आदेश दिया है। यह नियम शिक्षकों और बाकी स्टाफ पर भी लागू रहेगा। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क करने की अपील की है।
प्रशासन हाई अलर्ट पर, राहत टीमें तैयार
मौसम विभाग ने 20 और 21 जुलाई के लिए कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत ने सभी जिला अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रखा गया है।
कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर भूस्खलन से रास्ता बंद
किन्नौर में आईटीबीपी कैंप के पास सांगला-छितकुल मार्ग पर अचानक बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। भूस्खलन के कारण पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग और सिहुंता मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 204.5 मिमी से अधिक बारिश होने की स्थिति को अत्यधिक भारी बारिश या बादल फटना माना जाता है।