Shimla News: हिमाचल प्रदेश में एक ओर घने कोहरे से जनजीवन और यातायात प्रभावित हो रहा है, तो दूसरी ओर शिमला में दिन का तापमान 24 डिग्री पहुंचने से नवंबर की गर्मी का 31 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने तीन जिलों में कोहरे की चेतावनी जारी की है।
हिमाचल प्रदेश के मौसम में इन दिनों दो अलग-अलग रंग दिख रहे हैं। एक तरफ बिलासपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता 100 मीटर रही, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। दूसरी तरफ दिन में तेज धूप के बीच शिमला का अधिकतम तापमान पांच डिग्री बढ़कर 24 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक है।
शिमला में नवंबर की गर्मी का 31 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले शिमला में अधिकतम तापमान 15 नवंबर 1995 को 23.5 डिग्री दर्ज किया गया था।
कुफरी में सबसे अधिक बढ़ा दिन का तापमान
प्रदेश में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक बढ़ोतरी कुफरी में 5.5 डिग्री की दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री तक पहुंच गया।
सुबह-शाम की ठंड और कोहरे की एडवाइजरी
मैदानी इलाकों में पारा गिरने से सुबह और शाम की ठंड का असर तेज हो गया है। कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें तेज रफ्तार से वाहन न चलाने और कोहरे के दौरान वाहन चलाने से बचने की सलाह दी गई है।
तीन जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के तीन जिलों मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर में बुधवार और वीरवार के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश में 30 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मैदानों में कोहरे के कारण सुबह-शाम के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट आ सकती है। मंगलवार को बिलासपुर में घने कोहरे से दृश्यता 100 मीटर, मंडी में मध्यम कोहरे से दृश्यता 250 मीटर और सुंदरनगर में हल्के कोहरे से दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई।
ताबो में सबसे ठंडी रात और अन्य स्थानों का तापमान
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में 4.6 डिग्री की गिरावट के साथ -5.9 डिग्री दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री घटकर -4 डिग्री और केलंग में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ -1.7 डिग्री रहा। प्रदेश के दस स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम दर्ज किया गया। स्थानन्यूनतम तापमान (°C)अधिकतम तापमान (°C) शिमला11.524.0 सुंदरनगर3.725.1 भुंतर2.425.2 कल्पा5.016.9 धर्मशाला7.824.0 कांगड़ा7.224.9 ऊना7.227.2 नाहन10.122.1 केलंग-1.713.0 सोलन4.224.5