Shimla News: हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग ने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए शीतकालीन छूट योजना शुरू की है। इसके तहत 1 नवंबर से 20 दिसंबर तक राज्य के सरकारी होटलों में कमरों की बुकिंग पर 20 से 40 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी, जिसका लाभ पर्यटक उठा सकेंगे।
20 से 30 प्रतिशत तक की छूट मिलने वाले प्रमुख होटल
पर्यटन निगम द्वारा जारी सूची के अनुसार, कई प्रमुख स्थानों पर स्थित होटलों में 20 से 30 प्रतिशत तक की विशेष छूट मिलेगी। हमीरपुर में होटल हमीर, रोहड़ू में चांशल, नूरपुर में होटल नूपुर, सुंदरनगर में सुकेत, चंबा में इरावती, स्वारघाट में हिलटॉप, दाड़लाघाट में बगल, ज्वालामुखी में होटल ज्वालाजी, रामपुर में बुशहर रीजेंसी, पांवटा साहिब में यमुना, खड़ापत्थर में गिरीगंगा, चामुंडा में यात्री निवास और कसौली में ओल्ड रॉस कॉमन में 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
इसके अलावा सरहान में श्रीखंड, जोगिंदरनगर में उहल, मैक्लोडगंज में भागसू, कुल्लू में सरवरी, शिमला में पीटरहॉफ, मैक्लोडगंज में क्लब हाउस, मनाली में क्लब हाउस, नारकंडा में हाटू, डलहौजी में गीतांजलि, क्यारीघाट में मेघदूत और डलहौजी में मणिमहेश होटल में भी यह छूट लागू रहेगी। शिमला के होटल हॉलिडे होम और रेणुका जी होटल में पर्यटकों को 25 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी।
इन होटलों में मिलेगी 30 प्रतिशत तक की छूट
भरावं में चिंतपूर्णी हाइट्स, पालमपुर में टी बड, धर्मशाला में होटल धौलाधार, बड़ोग में पाइनवुड, पालमपुर में न्यूगल, बिलासपुर में लेक व्यू, चैल में पैलेस होटल एनएक्ससी और नालदेहरा में गोल्फ ग्लेड होटल में कमरे की बुकिंग पर पर्यटकों को 30 प्रतिशत तक की भारी छूट प्रदान की जाएगी।