Shimla: शिक्षा निदेशालय ने दूसरे राज्यों से आकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को सुरक्षित रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब दूसरे राज्यों से आने वाले छात्रों को उनकी पिछली कक्षा के आधार पर निचली कक्षाओं में दाखिला देने की मनमानी नहीं चलेगी। प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को अन्य राज्यों से जारी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) को मान्यता देनी होगी और उसमें दर्ज कक्षा में ही प्रवेश देना होगा।
लर्निंग गैप के नाम पर प्रवेश से इनकार पर रोक
निदेशालय के संज्ञान में आया था कि दूसरे राज्यों से हिमाचल आने वाले कुछ छात्रों को संबंधित स्कूलों में दाखिला देने से रोका जा रहा है या एसएलसी को स्वीकार न करके उन्हें निचली कक्षाओं में बैठने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इसके पीछे छात्रों में ‘लर्निंग गैप’ यानी सीखने के स्तर में अंतर का हवाला दिया जाता था, जिससे बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक प्रगति गंभीर रूप से प्रभावित हो रही थी। निदेशालय ने इस स्थिति का कड़ा संज्ञान लेते हुए सभी उपनिदेशकों को अपने जिलों के स्कूलों में इन निर्देशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
एसएलसी न होने पर आरटीई के तहत मिलेगा प्रवेश
शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई छात्र दाखिले के समय एसएलसी प्रस्तुत नहीं कर पाता है, तो उसकी पढ़ाई किसी भी सूरत में बाधित नहीं होनी चाहिए। ऐसी स्थिति में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई), 2009 के प्रावधानों के तहत बच्चे की आयु के अनुरूप उचित कक्षा में प्रवेश देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। निदेशालय के इन कड़े आदेशों से अब राज्य में दूसरे राज्यों से आने वाले विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।