Kangra News: हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट के बीच कांगड़ा जिले के शाहपुर स्थित बोह घाटी में बादल फटने से तबाही मची है। स्पैडा और गढ़गूं गांवों में छह मकान पानी में बह गए हैं। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
राहत और बचाव के लिए बुलाई गई एसडीआरएफ
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ टीम तैनात कर दी है। शाहपुर के एसडीएम डॉ. गणेश ठाकुर मौके के लिए रवाना हुए। हालांकि डिब्बा और मानेड नाला क्षेत्र में भारी लैंडस्लाइड होने से रास्ता बंद हो गया है। धमाके के बाद मलबा आने पर लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
सोलन में बड़ा हादसा, महिला की मौत
दूसरी ओर सोलन जिले के दियुंघाट के पास देर रात सड़क किनारे बैठे दो लोग खाई में गिर गए। हादसे में नेपाली मूल की 40 वर्षीय महिला की मौके पर मौत हो गई। वहीं शिमला के जुब्बल निवासी 28 वर्षीय युवक घायल हो गया। युवक की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।
प्रदेश के नौ जिलों में बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने प्रदेश के नौ जिलों में अगले 24 घंटे के लिए फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है। चंबा और कांगड़ा जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। सिरमौर, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 25 जुलाई तक तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने जारी की सख्त एडवाइजरी
आईएमडी ने नदियों और नालों के किनारे न जाने की कड़ी चेतावनी दी है। संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा और ट्रैकिंग से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी गई है। तेज बारिश से भूस्खलन, रास्ते बंद होने और बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित होने का खतरा बना हुआ है, इसलिए वाहन चालकों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।