Shimla News: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के पक्ष में एक महत्वपूर्ण फैसला दिया है। अदालत ने स्पष्ट कहा है कि भर्ती प्रक्रिया में केवल मामूली तकनीकी कमी के कारण किसी अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद नहीं की जा सकती। यदि कमी सुधारने योग्य है, तो उसे मौका दिया जाएगा।
अदालत ने जोर देकर कहा कि भर्ती प्रक्रिया का असली मकसद योग्य उम्मीदवारों का चयन करना है। छोटी-मोटी औपचारिक गलतियों के आधार पर अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया से सीधे बाहर करना न्यायसंगत नहीं है। इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जिनके आवेदन में अनजाने में कोई छोटी तकनीकी त्रुटि रह जाती है।
सुनवाई के दौरान अदालत ने माना कि यदि दस्तावेजों की कमी केवल औपचारिक प्रकृति की है और उससे अभ्यर्थी की योग्यता पर कोई असर नहीं पड़ता, तो उसे सुधारने का अवसर मिलना चाहिए। हालांकि, कोर्ट ने यह भी साफ किया कि इससे भर्ती के मूल नियमों या अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता की अनदेखी बिल्कुल नहीं की जाएगी।
हाईकोर्ट ने तकनीकी और वास्तविक कमी के बीच अंतर करने की बात कही। दस्तावेज सत्यापन के दौरान सुधारी जा सकने वाली त्रुटि के आधार पर दावेदारी रद नहीं होगी। हालांकि, यदि कोई अभ्यर्थी आरक्षण, आयु सीमा या शैक्षणिक योग्यता जैसी मूल शर्तों को पूरा नहीं करता, तो उसे राहत नहीं दी जाएगी।
यह निर्णय भर्ती एजेंसियों के लिए भी काफी महत्वपूर्ण है। उन्हें अब यह तय करना होगा कि दस्तावेजों की कमी सुधारी जा सकती है या नहीं। अभ्यर्थियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि हर मामले का अंतिम निर्णय संबंधित भर्ती नियमों और परिस्थितियों के आधार पर ही तय किया जाएगा।