Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में बुधवार को बिना शिक्षक और एकल शिक्षक वाले स्कूलों का मुद्दा गरमाया रहा। शून्यकाल में भाजपा विधायक रीना कश्यप ने पच्छाद क्षेत्र में शिक्षकों की भारी कमी का मामला उठाया। उन्होंने सदन को बताया कि उनके क्षेत्र में कई स्कूल बिना शिक्षकों के चल रहे हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
विधायक रीना कश्यप ने कहा कि पच्छाद के 12 स्कूलों में एक भी शिक्षक तैनात नहीं है। इनमें से कई स्कूलों में 40 से अधिक छात्र हैं और अभिभावक चंदा जुटाकर शिक्षक रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि नारग के छह और सराहन के पांच स्कूलों में कोई शिक्षक नहीं है, जबकि प्रधानाचार्यों और प्रवक्ताओं के पद भी खाली पड़े हैं।
देश में सबसे बेहतर अनुपात, फिर भी दूरदराज में कमी
जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि राज्य में छात्र-शिक्षक अनुपात 1:10 है, जो पूरे देश में सबसे बेहतर है। हालांकि उन्होंने माना कि दूरदराज के क्षेत्रों में अब भी कमी बनी हुई है। मंत्री ने कहा कि सरकार युक्तिकरण के जरिए खाली पदों को भरने का प्रयास कर रही है, हालांकि तबादलों और नियुक्तियों में कई दबाव रहते हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकार अब तक रिकॉर्ड 9,000 पद भर चुकी है और कार्यकाल पूरा होने से पहले 6,500 और भर्तियां होंगी। इसके बावजूद प्रदेश के 150 स्कूल बिना शिक्षक और 3,500 स्कूल केवल एक शिक्षक के सहारे हैं। इसके अलावा 2,500 ऐसे स्कूल भी हैं जहां छात्रों की संख्या 15 से भी कम है।
एकल शिक्षक वाले स्कूलों के लिए बनेगी नई नीति
चर्चा के दौरान हस्तक्षेप करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार एकल शिक्षक वाले स्कूलों के लिए विशेष नीति तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सिरमौर को आकांक्षी जिला घोषित किया है, लेकिन इसके बावजूद इस जिले के होनहार छात्र लिखित भर्ती परीक्षाओं में लगातार शानदार सफलता हासिल कर रहे हैं।