Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा कस्बे में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घर के बाहर खेल रही तीन साल की एक मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर गला कसकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि घटना से आक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया है।
खेत में ले जाकर दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा मुस्करा निवासी तीन वर्षीय मासूम बच्ची रविवार दोपहर अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोसी 35 वर्षीय हीरा पुत्र रामप्रसाद बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोपी बच्ची को गहरौली मार्ग स्थित बंबा के पास नई बस्ती मोहल्ले से लगे अरहर के खेतों में ले गया, जहां उसने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद बच्ची की पैजामी से ही उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव वहीं छोड़कर घर लौट आया।
तलाश के दौरान स्वजन को गुमराह करता रहा आरोपी
शाम करीब चार बजे जब स्वजन ने बच्ची को घर और आसपास नहीं पाया तो उनकी तलाश शुरू हुई। आरोप है कि आरोपी हीरा भी ग्रामीणों की भीड़ के साथ बच्ची की खोजबीन में शामिल होकर स्वजन को लगातार गुमराह करता रहा। हालांकि, शक होने पर स्वजन ने उसे पकड़ लिया। इसी बीच, रात करीब आठ बजे अरहर के खेतों में बच्ची का शव बरामद हुआ, जिसे देख परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सीओ राठ राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उधर, आक्रोशित स्वजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वजन को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।