Holi News: ग्राम पंचायत होली के हैली गांव के समीप स्थित सेब के बागीचे में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों की सतर्कता और सामूहिक प्रयासों से आग को गांव तक फैलने से रोक लिया गया। घटना में हैली निवासी मीतर राम के सेब के कई पेड़ जल गए, जिससे उन्हें नुकसान हुआ है।
ग्राम पंचायत होली के हैली गांव के समीप स्थित सेब के बागीचे में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि यदि समय रहते ग्रामीणों ने सूझबूझ और तत्परता नहीं दिखाई होती तो यह हैली गांव तक पहुंच सकती थी। ग्रामीणों की मुस्तैदी और सामूहिक प्रयासों से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार, हैली गांव के पास स्थित सेब के बगीचे में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने बगीचे के कुछ हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें उठती देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
ग्रामीणों की मेहनत से टला बड़ा खतरा
ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, इस घटना में हैली गांव निवासी मीतर राम के सेब के कई पेड़ आग की भेंट चढ़ गए, जिससे उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा।
ग्राम पंचायत होली की प्रधान लक्ष्मी देवी ने बताया कि ग्रामीणों की समय पर दिखाई गई सतर्कता के चलते आग को गांव की ओर बढ़ने से रोक लिया गया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते थे और हैली गांव भी इसकी चपेट में आ सकता था।