बिजली बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने चीफ इंजीनियर से की मुलाकात, फील्ड में सुरक्षा और स्टाफ की उठाई मांग

Share

- Advertisement -

Shimla News: राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ जिला शिमला की नई कार्यकारिणी ने बुधवार को मुख्य अभियंता शिमला जोन समेत आला अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान संघ ने फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की लंबित मांगों और दैनिक समस्याओं को प्रमुखता से अधिकारियों के समक्ष रखा।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियंता शिमला जोन, उप मुख्य अभियंता शिमला सर्कल, उप मुख्य अभियंता टूटू और अधिशासी अभियंता के साथ सिलसिलेवार बैठकें कीं। संघ ने अधिकारियों को 18 अगस्त को रोहड़ू में हुई जिला शिमला की त्रैवार्षिक आम सभा और चुनाव प्रक्रिया के दस्तावेज भी सौंपे।

कर्मचारी संगठन ने फील्ड स्टाफ के लिए पर्याप्त और उच्च गुणवत्ता वाले सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग उठाई। इसके साथ ही जरूरी तकनीकी सामग्री समय पर मुहैया कराने, स्टाफ की कमी को जल्द दूर करने और पेंडिंग वित्तीय मामलों को निपटाने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान कर्मचारियों ने फील्ड में काम करते समय आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों से भी अफसरों को वाकिफ कराया। जिला महासचिव मनोज ठाकुर ने बताया कि अधिकारियों ने सभी मांगों को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिला अध्यक्ष अंकेश कुमार ने कहा कि संगठन जल्द ही सभी फील्ड यूनिट्स से कर्मचारियों की समस्याएं जुटाएगा। इसके बाद विस्तृत मांग-पत्र तैयार कर उच्च अधिकारियों को सौंपा जाएगा। इस अहम बैठक में संघ के राज्य महासचिव पवन परमार सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News