Dadri News: चरखी दादरी की नई अनाज मंडी में बाजरा खरीद के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में 68,405 क्विंटल का भारी अंतर सामने आने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। इस गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक लापरवाही के चलते हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने पांच अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कृषि मंत्री के निरीक्षण के बाद हुआ खुलासा
मंडी में स्टॉक और रिकॉर्ड के बीच इस बड़ी गड़बड़ी का मामला तब सामने आया जब कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने नई अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान मिले भारी अंतर को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब फर्मवार और खरीद एजेंसीवार विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
निलंबित किए गए अधिकारी और कर्मचारी
लापरवाही और अनियमितता के आरोप में जिन पांच कर्मचारियों पर गाज गिरी है, उनमें पूर्व सचिव सह कार्यकारी अधिकारी विद्यासागर, लेखाकार तेजवीर सिंह, मंडी सुपरवाइजर राकेश कुमार, मंडी सुपरवाइजर चतुर्भुज और ऑक्शन रिकॉर्डर सतीश कुमार शामिल हैं। निलंबन अवधि के दौरान इन सभी का मुख्यालय पंचकूला स्थित सीएमईओ कार्यालय निर्धारित किया गया है।
शॉर्टेज के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
मार्केट कमेटी सचिव विजय कुमार ने बताया कि ड्यूटी में गंभीर लापरवाही बरतने के आधार पर पांचों कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। वर्तमान में विभिन्न फर्मों और खरीद एजेंसियों के रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। जांच के दौरान जिस स्तर पर जितनी कमी या गड़बड़ी पाई जाएगी, उसके आधार पर नियमानुसार कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।