Kangra News: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में कहा कि शिक्षा विकास व आत्मनिर्भरता का आधार है। उन्होंने बताया कि गुणात्मक शिक्षा में हिमाचल 21वें से पांचवें स्थान पर पहुंचा है, 156 स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू है, 100 नए स्कूल खुलेंगे और 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण एक प्रतिशत ब्याज पर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शिक्षा प्रदेश के विकास और आत्मनिर्भरता का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। रविवार को धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि युवाओं को शोध, नवाचार और रोजगार सृजन के लिए तैयार करना भी है।
उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डिग्री उनकी मेहनत का प्रमाण होने के साथ समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस, रोबोटिक्स और डिजिटल तकनीक के बढ़ते दौर में युवाओं को आधुनिक ज्ञान और तकनीक से जोड़ना आवश्यक है।
गुणात्मक शिक्षा और स्कूलों में बदलाव
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुणात्मक शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2021 में प्रदेश देश में 21वें स्थान पर था, जबकि अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है और 156 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। अगले शैक्षणिक सत्र से 100 नए सीबीएसई स्कूल खोलने की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार शिक्षा विभाग में 10 हजार पद भरे गए हैं और तीन हजार शिक्षकों की भर्ती और की जा रही है।
शिक्षा ऋण, छात्रवृत्ति और समारोह में मौजूदगी
सीएम ने बताया कि डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपए तक का ऋण एक प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा पिछले दो वर्षों में 88 हजार से अधिक विद्यार्थियों को करीब 92 करोड़ रुपए की छात्रवृत्तियां दी गई हैं।
समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कुलाधिपति हरमोहिंदर सिंह बेदी, कुलपति एसपी बंसल, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया और एचपीटीडीसी अध्यक्ष आरएस बाली सहित अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।