Baddi News: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में अवैध और प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। 26 अगस्त के एनडीपीएस मामले की जांच करते हुए बद्दी पुलिस और ड्रग विभाग ने एएस केमिकल के दूसरे गोदाम पर छापा मारा। टीम ने गांव बिल्लांवली स्थित गोदाम से 26.40 लाख फेरैोक्योर टैबलेट्स जब्त की हैं।
बरामद दवाएं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के दायरे में आती हैं। राज्य दवा नियंत्रक कार्यालय के अनुसार इस गोदाम के लिए कोई लाइसेंस नहीं लिया गया था। हालांकि ये गोलियां नशीली नहीं हैं, लेकिन बिना अनुमति भंडारण के कारण ड्रग विभाग अलग से कानूनी कार्रवाई कर रहा है।
इससे पहले 26 अगस्त को एएस केमिकल के संडोली रोड स्थित गोदाम से भारी मात्रा में नशीली गोलियां मिली थीं। पुलिस ने 55,650 क्लोनाजेपाम, 3,05,518 अल्प्राजोलाम, 19,245 ट्रामाडोल-डाइसाइक्लोमाइन कैप्सूल और 3,100 ट्रामाडोल गोलियां बरामद की थीं। इसके अलावा 43.22 किलो पाउडर और 41 बोतल सिरप मिला था।
पहले छापे के दौरान 7,400 टेपेंटाडोल, 310 इंजेक्शन शीशियां, 12,690 गैबापेंटिन, 57 बोतल सस्पेंशन और 210 प्रेगाबालिन कैप्सूल भी जब्त किए गए थे। इस मामले में पुलिस ने गोदाम मालिक 38 वर्षीय अंकित कौशल (निवासी अमेठी, उत्तर प्रदेश) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत बद्दी थाने में मामला दर्ज किया है।
पुलिस जांच आगे बढ़ने पर 8 सितंबर को बिल्लांवली स्थित दूसरे गोदाम में छापेमारी की गई, जहां से 26.40 लाख गोलियां मिलीं। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने स्पष्ट कहा कि अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य दवा नियंत्रक डा. मनीष कपूर ने इसे जांच में बड़ी सफलता बताया है।
बद्दी-नालागढ़ क्षेत्र में चालू वर्ष 2026 के दौरान अवैध दवा भंडारण के कई बड़े मामले सामने आए हैं:
- 7-8 मई 2026: किशनपुरा में 20,270 प्रेगाबालिन कैप्सूल और सालासर कॉम्प्लेक्स से 2.23 लाख प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुईं।
- 15 जुलाई 2026: गुरुमाजरा में 29,990 गोलियां और 206 शीशियां बिना लाइसेंस पाई गईं।
- 26 अगस्त 2026: संडोली रोड के बिना लाइसेंस गोदाम से नशीली गोलियां, पाउडर और प्रिंटेड फॉइल मिली।
- 27-29 अगस्त 2026: बंद गोदाम से 4 लाख गोलियां और हाईवे क्षेत्र में 67.80 लाख गोलियां जब्त की गईं।
- सितंबर 2026: एनसीबी ने बद्दी-नालागढ़ में 25 लाख गोलियां और 2,000 किलो से अधिक पाउडर पकड़ा।
- 8 सितंबर 2026: बिल्लांवली के दूसरे गोदाम से 26,40,000 फेरैोक्योर टैबलेट बरामद की गईं।