Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के 2018 बैच के अधिकारी अंकुश शर्मा ने धर्मशाला स्थित स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव का पदभार संभाल लिया है। उन्होंने कार्यभार संभालते ही कहा कि छात्रों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों को पारदर्शी, बेहतर और तकनीक-सक्षम सेवाएं प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखे नए सचिव
पदभार संभालते ही सचिव अंकुश शर्मा एक्शन मोड में दिखे और उन्होंने बोर्ड की शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर परीक्षा संचालन, मूल्यांकन, रिजल्ट जारी करने और आईटी सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी से टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।
इस नई जिम्मेदारी से पहले अंकुश शर्मा टांडा मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त निदेशक के पद पर तैनात थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा बोर्ड लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी एक बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण संस्था है। इसलिए बोर्ड की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी अधिकारी आपसी सहयोग से काम करेंगे।
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने नए सचिव का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने अंकुश शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव, कुशल नेतृत्व और कार्यकुशलता का सीधा लाभ शिक्षा बोर्ड को मिलेगा। इससे बोर्ड की व्यवस्थाओं में काफी सुधार देखने को मिलेगा।