Una News: हिमाचल प्रदेश के अंब-नेहरियां मार्ग पर स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में अव्यवस्थाओं के चलते यहां ठहरने वाले लोगों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में फैली गंदगी, बंदरों के आतंक और मुख्य मार्ग तक फैली पेड़ों की टहनियों के कारण लोगों में रोष व्याप्त है।
बंदरों का आतंक और गंदगी बनी बड़ी समस्या
विश्राम गृह के नजदीक दुकानदारी करने वाले आशीष भारद्वाज, सुभाष, वीरेंद्र शर्मा, राजेश कुमार, सुशील और बीरेंद्र यादव ने बताया कि परिसर के आसपास बड़े-बड़े पेड़ होने के कारण बंदर और अन्य जानवर लगातार हुड़दंग मचाते रहते हैं। डर के मारे यहां ठहरने वाले लोग कमरों से बाहर निकलने तक से कतराते हैं। इसके अलावा, लोक निर्माण विभाग के कार्यालय से विश्राम गृह की ओर जाने वाली सीढ़ियों पर फैली गंदगी भी स्थिति को बदतर बना रही है।
पेड़-पौधों की टहनियां मुख्य सड़क तक फैल जाने के कारण बड़ी गाड़ियों की आवाजाही के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण विश्राम गृह अपनी उपयोगिता खोता जा रहा है।
विधायक ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने बताया कि इस गंभीर समस्या से क्षेत्रीय विधायक सुदर्शन बबलू को भी अवगत करवाया जा चुका है। मामले पर संज्ञान लेते हुए विधायक सुदर्शन बबलू ने कहा कि यह विषय उनके ध्यान में है और जल्द ही संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कदम उठाकर लोगों को इस समस्या से निजात दिलाई जाएगी।