सुकेश चंद्रशेखर की डॉक्यूमेंट्री पर कानूनी विवाद, नेटफ्लिक्स और मीडिया ग्रुप को नोटिस

Share

- Advertisement -

Delhi News: सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ी प्रस्तावित डॉक्यूमेंट्री को लेकर कानूनी नोटिस भेजा गया है और 18 दिसंबर को इसकी रिलीज रोकने की मांग की गई है। वकील अनंत मलिक ने निष्पक्ष सुनवाई के प्रभावित होने की आशंका जताई है, जबकि केंद्र सरकार से शिकायत और दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की तैयारी भी की जा रही है।

दिल्ली की जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर की जिंदगी और 200 करोड़ रुपये की कथित ठगी पर बन रही डॉक्यूमेंट्री को लेकर कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। सुकेश के वकील अनंत मलिक ने नेटफ्लिक्स और एक मीडिया ग्रुप को कानूनी नोटिस भेजकर 18 दिसंबर को प्रस्तावित रिलीज रोकने की मांग की है। वकील का तर्क है कि सुकेश से जुड़े कई आपराधिक मामलों में अभी गवाहों की गवाही चल रही है, ऐसे में एकतरफा पक्ष दिखाने से मुकदमे की निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित हो सकती है।

नोटिस में फिल्म में इंटरव्यू देने वालों की जानकारी, रिलीज से पहले वकीलों को पूरी डॉक्यूमेंट्री दिखाने और सुकेश को ‘कॉनमैन’ बताने वाले प्रचार को वापस लेने सहित पांच मांगें रखी गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार सुकेश की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट में भी याचिका दाखिल करने की तैयारी है।

26 नवंबर के ऐलान के बाद 72 घंटे की समयसीमा

नेटफ्लिक्स ने 26 नवंबर को घोषणा की थी कि डॉक्यूमेंट्री ‘Love, Scam aur Dhokha: The Sukesh Chandrashekhar Story’ को 18 दिसंबर 2026 से स्ट्रीम किया जाएगा। सुकेश के वकील ने इसकी रिलीज पर आपत्ति जताते हुए मांग की है कि जब तक संबंधित आपराधिक मामलों में अभियोजन पक्ष के गवाहों की गवाही पूरी नहीं हो जाती, तब तक इसे रिलीज न किया जाए।

वकील की ओर से 26 नवंबर को भेजे गए नोटिस में नेटफ्लिक्स, एक मीडिया ग्रुप और डॉक्यूमेंट्री के डायरेक्टर व एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर को 72 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा गया है।

32 मामले और विचाराधीन गवाही का हवाला

सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ देशभर में करीब 32 आपराधिक मामले चल रहे हैं। इनमें 200 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी और तिहाड़ जेल के अंदर कथित गतिविधियों से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं, जो दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष मकोका अदालत और पीएमएलए के तहत चल रहे हैं। वकील का कहना है कि इन मामलों में अभियोजन पक्ष के गवाहों की गवाही जारी है और मकोका मामले में अगली सुनवाई 30 नवंबर को होनी है।

वकील की दलील है कि डॉक्यूमेंट्री में दिखाई जाने वाली घटनाएं अदालत में विचाराधीन हैं। उनके अनुसार इंटरव्यू देने वालों के बयान अदालत में शपथ लेकर नहीं दिए गए हैं और न ही उन पर जिरह हुई है। यदि ऐसे बयानों को सच्चाई की तरह पेश किया जाता है, तो शेष गवाहों की गवाही पर असर पड़ सकता है।

इंटरव्यू, दस्तावेज और पक्ष रखने के अवसर पर सवाल

सुकेश के वकील ने सवाल उठाया है कि डॉक्यूमेंट्री में किन लोगों के इंटरव्यू लिए गए हैं और क्या इसमें सरकारी गवाह, जांच अधिकारी या जेल के वर्तमान व पूर्व अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने यह भी पूछा है कि क्या किसी जांच एजेंसी या जेल प्रशासन से केस से जुड़े दस्तावेज व रिकॉर्डिंग ली गई हैं, जिस पर निर्माताओं की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

नोटिस में कहा गया है कि सुकेश चंद्रशेखर को डॉक्यूमेंट्री में शामिल नहीं किया गया और न ही उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया। वकील के मुताबिक सुकेश न्यायिक हिरासत में होने के कारण सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ सकते।

आरोपों से इनकार और दोषी की तरह पेश करने पर आपत्ति

कानूनी नोटिस के अनुसार सुकेश चंद्रशेखर ने अपने खिलाफ चल रहे मामलों में खुद को निर्दोष बताया है और आरोपों को स्वीकार नहीं किया है। वकील का दावा है कि 20 अगस्त 2026 के एक मामले में हुई सजा को छोड़कर, जिसके विरुद्ध अपील लंबित है, अन्य मामलों में उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है। ऐसे में शीर्षक में ‘स्कैम’ शब्द के प्रयोग और प्रचार में ‘कॉनमैन’ बताने को आपत्तिजनक बताया गया है, क्योंकि आरोपों पर अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है।

कानूनी नोटिस में रखी गई पांच मांगें

  • डॉक्यूमेंट्री और उसके सभी ट्रेलर, टीजर व प्रचार सामग्री को तब तक रिलीज न किया जाए, जब तक संबंधित मामलों में अभियोजन पक्ष की गवाही पूरी न हो जाए।
  • डॉक्यूमेंट्री रिलीज होने से पहले सुकेश के वकीलों को पूरी फिल्म दिखाई जाए।
  • फिल्म में इंटरव्यू देने और दिखाई देने वाले सभी लोगों के नाम बताए जाएं तथा यह स्पष्ट किया जाए कि किसी जांच अधिकारी, सरकारी गवाह या जेल अधिकारी का इंटरव्यू लिया गया है या नहीं।
  • सुकेश को ‘कॉनमैन’ या लंबित मामलों में दोषी बताने वाला प्रचार वापस लिया जाए और आरोपों को केवल आरोप के रूप में दिखाया जाए।
  • डॉक्यूमेंट्री से जुड़े सभी वीडियो फुटेज, इंटरव्यू रिकॉर्डिंग, रिसर्च फाइल, स्क्रिप्ट और संबंधित अधिकारियों से हुई बातचीत का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए।

मंत्रालयों में शिकायत और हाईकोर्ट जाने की तैयारी

सुकेश चंद्रशेखर के वकील ने इस मामले में 27 नवंबर को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय को विस्तृत शिकायत भेजी है। इसमें रिलीज से पहले जांच की मांग की गई है ताकि यह देखा जा सके कि किसी सरकारी अधिकारी या जांच एजेंसी के कर्मचारी ने गोपनीय जानकारी या दस्तावेज तो उपलब्ध नहीं कराए।

इसके साथ ही दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर रिलीज टालने और फिल्म को रिलीज से पहले अदालत के समक्ष पेश करने की मांग की जा रही है। वकील अनंत मलिक ने कहा है कि यह डॉक्यूमेंट्री या पत्रकारिता के विरुद्ध लड़ाई नहीं है, बल्कि रिलीज के समय और निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार से जुड़ा विषय है, ताकि मुकदमे के फैसले से पहले किसी एक पक्ष की कहानी को अंतिम सच्चाई की तरह न दिखाया जाए।

Read more

Related News