Rampur News: उपमंडल रामपुर की धारगौरा पंचायत के गौरा गांव में कृषि कार्य के लिए बनाए गए पानी के टैंक में गिरकर दो भालू फंस गए। वन विभाग की रैपिड रेस्क्यू टीम और विभागीय कर्मचारियों ने दोनों भालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि बचाव अभियान के दौरान दोनों भालुओं को कोई चोट नहीं आई।
वीरवार रात शुरू हुआ बचाव अभियान
डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह ने बताया कि पानी के टैंक में दो भालुओं के फंसे होने की सूचना मिलते ही रैपिड रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। लोगों और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वीरवार को अंधेरा होने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। टीम ने सावधानीपूर्वक दोनों भालुओं को टैंक से बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि भालुओं को छोड़ते समय दोबारा आबादी की ओर आने से रोकने के लिए प्रतिकूल व्यवहार प्रशिक्षण (अवर्सिव कंडीशनिंग) की प्रक्रिया भी अपनाई गई।
लोगों से सतर्कता की अपील
डीएफओ ने गौरा गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अगले कुछ दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भालुओं की सक्रियता को देखते हुए लोग अकेले घरों से बाहर न निकलें और अनावश्यक रूप से सुनसान स्थानों पर जाने से बचें।