Entertainment News: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ने अमेरिका में अपने पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ करवा चौथ का त्योहार मनाया। इस अवसर की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिसमें उनकी विशेष मेहंदी, पारंपरिक लाल पोशाक और पूजा की थाली के साथ परिवार की झलक देखने को मिली।
बॉलीवुड और हॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ने अमेरिका में रहते हुए भी भारतीय परंपरा के अनुसार करवा चौथ का त्योहार धूमधाम से मनाया। प्रियंका ने इस खास पर्व की तस्वीरें अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल की स्टोरीज पर साझा की हैं। तस्वीरों में उनका पारंपरिक देसी अंदाज और पति निक जोनस व बेटी मालती मैरी के साथ पारिवारिक पल नजर आ रहे हैं।
मेहंदी में निक और मालती के नाम के अक्षर
करवा चौथ के मौके पर प्रियंका ने अपने हाथों में लगी खास मेहंदी की तस्वीर साझा की। इस डिजाइन में उन्होंने पति निक जोनस के नाम के शुरुआती अक्षर ‘NJ’ और बेटी मालती मैरी के नाम के शुरुआती अक्षर ‘MM’ को शामिल करवाया था। तस्वीर के साथ अभिनेत्री ने लिखा, “पिया के नाम की.. करवा चौथ मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं।”
लाल जोड़े में नजर आया पारंपरिक लुक
इस अवसर पर प्रियंका सुनहरे काम वाली लाल पोशाक में नजर आईं। उन्होंने मांग में सिंदूर, पारंपरिक आभूषण और हल्के मेकअप के साथ अपना पारंपरिक लुक पूरा किया। व्रत के दौरान चांद के इंतजार को दर्शाते हुए उन्होंने एक स्टोरी साझा की, जिसमें उन्होंने मजाकिया लहजे में लिखा, “यह चांद आखिर कब निकलेगा?”
पूजा की थाली के साथ निक जोनस संग साझा की तस्वीर
रस्म पूरी होने के बाद प्रियंका ने पति निक जोनस के साथ भी एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में उनके हाथ में सजी हुई पूजा की थाली, जलता हुआ दीया और छलनी नजर आ रही है। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “ठीक है, मैं हर साल फिल्मी हो जाती हूं..” इसके अलावा उन्होंने निक और बेटी मालती की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि पापा घर आ गए हैं और इस एक तस्वीर में उनकी पूरी दुनिया समाई है।
करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। महिलाएं पारंपरिक वस्त्र पहनकर, सोलह श्रृंगार कर एक साथ पूजा करती हैं और कथा सुनती हैं। रात में चंद्रमा को अर्घ्य देकर पति के हाथों जल ग्रहण करने के बाद यह व्रत पूर्ण माना जाता है।