Entertainment News: सलमान खान की फिल्म ‘प्रेम की शादी’ को लेकर चार साल से कोई अपडेट नहीं आ रहा था, लेकिन अब निर्देशक सूरज बड़जात्या ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि फिल्म को बड़े पर्दे पर आने में अभी थोड़ा और वक्त लगेगा, क्योंकि उन्हें कुछ चीजें और पॉलिश करनी हैं।
सलमान खान को फिर से ‘प्रेम’ के रोल में देखने के लिए उनके चाहने वाले बेताब हैं। चार साल पहले सूरज बड़जात्या ने ऐलान किया था कि वह फिर से सलमान के साथ एक फिल्म करने जा रहे हैं, जिसमें वह ओरिजिनल ‘प्रेम’ के साथ वापसी करेंगे। फिल्म का टाइटल ‘प्रेम की शादी’ है।
सूरज बड़जात्या ने फ्री प्रेस जर्नल के साथ बातचीत में ‘प्रेम की शादी’ को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि चार साल से अटकी फिल्म को बड़े पर्दे पर आने में अभी थोड़ा और वक्त लगेगा। उन्होंने कहा, “अभी थोड़ा सा वक्त और है, क्योंकि थोड़ा और मुझे कुछ चीजें पॉलिश करनी है।”
साल 2022 में सूरज बड़जात्या की फिल्म ऊंचाई की स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म का ऐलान किया गया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने फिल्म के टाइटल को भी रजिस्टर्ड करा दिया है। हालांकि, फिल्म को लेकर अभी काम शुरू नहीं हुआ है।
27 नवंबर को रिलीज होगी ‘ये प्रेम मोल लिया’
बात करें सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म की तो वह आयुष्मान खुराना और शरवरी स्टारर ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
सलमान खान ने सूरज बड़जात्या के साथ ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ साथ हैं’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ जैसी फिल्में की हैं। सभी फिल्में सफल रहीं और उन्हें सराहा गया। सभी फिल्मों में अभिनेता ने ‘प्रेम’ की भूमिका निभाई है।