Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी से लोकसभा सांसद कंगना रनौत ने कॉकरोच जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सीजेपी प्रदर्शन के दौरान गंदगी फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एक जगह पर इतनी बदसूरती उन्होंने अपनी जिंदगी में पहले कभी नहीं देखी थी।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कंगना रनौत का प्रदर्शनकारियों पर हमला
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए कंगना रनौत ने विरोध प्रदर्शन का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “मैंने अपनी जिंदगी में कभी एक जगह इतनी बदसूरती नहीं देखी। जिस तरह वे बात करते हैं और जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, हर फ्रेम बहुत अजीब और भद्दा लगता है।”
कंगना रनौत ने आगे लिखा कि भारत अलग-अलग खूबसूरत लोगों की जगह है, जो शालीनता और सांस्कृतिक समझ से जुड़े हैं। उन्होंने कहा, “आप खुद को कॉकरोच कहते हैं और दिखते व बर्ताव भी उन्हीं की तरह करते हैं। आप दुनिया को केवल अपनी गंदगी, कचरा और बदसूरती दिखा रहे हैं।”
सुरक्षाकर्मियों और दिल्ली पुलिस की कंगना रनौत ने की तारीफ
सांसद ने बताया कि इन वीडियो को देखकर उन्हें गहरा सदमा लगा है। अब उन्हें ठीक होने के लिए डिजिटल डिटॉक्स की जरूरत है। इससे पहले कंगना ने 21 जुलाई के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा था कि संसद के गेट बंद थे और सांसदों को भीड़ के हमले का डर था।
मंडी सांसद ने इस दौरान दिल्ली पुलिस की जमकर सराहना की थी। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को जनता के लिए ढाल बताया। पत्रकारों से बात करते हुए कंगना रनौत ने कहा था कि पुलिस अधिकारियों ने खुद पत्थर और चोटें झेलीं, लेकिन आम जनता को कोई नुकसान नहीं पहुंचने दिया।