Mumbai News: अभिनेता ऋतिक रोशन ने अपनी गर्लफ्रेंड और अभिनेत्री सबा आजाद के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है। ऋतिक ने सबा के साथ अपनी और अपने बेटों ह्रेहान व हृदान की तस्वीरें साझा करते हुए उनके साथ के सफर को खास बताया। दोनों पिछले कुछ वर्षों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं।
बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन ने रविवार को अभिनेत्री सबा आजाद के जन्मदिन पर इंस्टाग्राम पर एक विशेष पोस्ट साझा कर उन्हें बधाई दी। अभिनेता ने सबा के साथ बिताए निजी और यादगार पलों की तस्वीरों का एक कोलाज साझा किया, जिसमें दोनों साथ में वक्त बिताते नजर आ रहे हैं।
बेटों ह्रेहान और हृदान संग नजर आईं सबा
अभिनेता द्वारा साझा की गई तस्वीरों में सबा आजाद ऋतिक और उनकी पूर्व पत्नी सुजैन खान के दोनों बेटों—ह्रेहान और हृदान के साथ भी नजर आ रही हैं। एक अन्य तस्वीर में ऋतिक और सबा आइसक्रीम का आनंद लेते दिख रहे हैं। तस्वीरों से साफ है कि सबा ऋतिक के परिवार और बच्चों के साथ घुल-मिल चुकी हैं।
ऋतिक ने पोस्ट में लिखा भावुक संदेश
ऋतिक रोशन ने अपनी पोस्ट में सबा के साथ रिश्ते को एक लंबे और खूबसूरत सफर के रूप में बयां किया। उन्होंने लिखा, “किसी ने मुझसे तुम्हारे बारे में पूछा। मैंने कहा कि मैं तुम्हारे बारे में बात नहीं करना चाहता, क्योंकि यह बहुत कीमती है। उसने जिद की और मैंने कहा, ‘अच्छा, ऐसा सोचो? मान लो मुंबई से किसी दूर की जगह जाने के लिए 2 फ्लाइट के ऑप्शन हैं, एक डायरेक्ट फ्लाइट है—आसान और सुविधाजनक, और दूसरी फ्लाइट 8 अलग-अलग शहरों से होकर जाती है, हर स्टॉप पर घंटों का ट्रांजिट टाइम है और कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने की संभावना भी है। अगर वो सबा के साथ हो तो, मैं जानबूझकर हर बार दूसरा ऑप्शन चुनूंगा क्योंकि तुम्हारे साथ हर आम पल, इंतजार, अनपेक्षित मोड़ एक एडवेंचर भरा हो जाता है। चलो एडवेंचर करते हैं मेरी बर्थडे गर्ल। एक साथ लंबे लेओवर की पूरी जिंदगी के नाम। आई लव यू, हैप्पी बर्थडे।'”
2022 से चर्चा में है दोनों का रिश्ता
ऋतिक रोशन और सबा आजाद के बीच लगभग 11 साल का उम्र का अंतर है। दोनों के रिश्ते की शुरुआत कथित तौर पर 2021 के अंत या 2022 की शुरुआत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के जरिए हुई थी, जहां ऋतिक ने सबा के एक वीडियो की तारीफ की थी। इसके बाद दोनों की बातचीत शुरू हुई और एक साझा मित्र के जरिए वे मिले। मई 2022 में फिल्म निर्माता करण जौहर के 50वें जन्मदिन के समारोह में दोनों पहली बार सार्वजनिक रूप से एक साथ नजर आए थे।