Bihar News: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के अवसर पर आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता को भीड़ के कारण रोकना पड़ा है। उम्मीद से अधिक लोग जुट गए थे और सुरक्षा कारणों से इसे रोका गया। अब इसका फाइनल गुरुवार को आयोजित किया जाएगा। शादी में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी पहुंचे।
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी आज उनके पैतृक गांव नदवां में ऋषिकेश कुमार के साथ होनी है। शादी से पहले आयोजित घुड़दौड़ में देश भर से करीब 200 घोड़े रेस में भाग लेने के लिए नदवां लाए गए हैं। प्रथम पुरस्कार के रूप में थार गाड़ी दी जाएगी। घुड़दौड़ शुरू हो गई थी और अनंत सिंह खुद मंच पर खड़े होकर इसका नजारा देख रहे थे। थोड़ी ही देर में घुड़दौड़ शुरू होने से पहले वह काऊ हैट पहनकर घुड़दौड़ देखने पहुंचे थे।
एक लाख से ज्यादा लोग, टावर पर चढ़े दर्शक
अनंत सिंह की बेटी की शादी के दिन नदवां में लोगों के आने का तांता लगा हुआ है। दोपहर बारह बजे तक एक लाख से अधिक लोग आ चुके थे। बताया जा रहा है कि यहां लोगों के पानी पीने के लिए 2 हजार से अधिक नल लगाए गए हैं। शासन-प्रशासन के अलावा हजारों की संख्या में यहां निजी सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए हैं। घोड़ा रेस का आनंद लेने के लिए भारी भीड़ जुटी थी और सही जगह नहीं मिलने के कारण कई लोग हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गए। उद्घोषक और अन्य लोग नीचे उतरने का आग्रह करते रहे, लेकिन कोई उतरने को तैयार नहीं था। अनंत सिंह का एक फैन बकरा गाड़ी से नदवां पहुंचा और सीधे घुड़दौड़ मैदान के पास पहुंच गया।
बृजभूषण बोले- अनंत सिंह का दबदबा पहले भी था, आगे भी रहेगा
अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के दिग्गज बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह पटना पहुंचे और फिर हेलीकॉप्टर से नदवां गांव पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। मोकामा पहुंचने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वह अनंत सिंह की बेटी को आशीर्वाद देने के लिए आए हैं, यहां पूरी जनता उमड़ पड़ी है और अनंत सिंह ने बहुत अच्छा इंतजाम किया है। उन्होंने कहा कि उनका बिहार से पुराना नाता रहा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या अनंत सिंह ने हेलीकॉप्टर भेजा है तो बृजभूषण ने हंसते हुए कहा कि हमारा है, समझो उन्हीं का है। उन्होंने बताया कि शादी में शामिल होने के बाद वह गोरखपुर जाएंगे, जहां एक कार्यक्रम है। घुड़दौड़ मैदान में उन्होंने अनंत सिंह का हाथ पकड़कर ऊपर कर दिया। इस दौरान उद्घोषक ने कहा कि अनंत सिंह का दबदबा पहले भी था। इस पर बृजभूषण सिंह ने कहा कि यह आगे भी रहेगा।
ललन सिंह ने शिवांगी को आशीर्वाद दिया
अनंत सिंह की बेटी की शादी में पहुंचे जदयू नेता सह केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि शिवांगी सदा खुश रहे और उनका परिवार आबाद रहे। उनके घर परिवार में काफी खुशी रहे और परिवार आगे बढ़े। ललन सिंह और अनंत सिंह साथ ही में घुड़दौड़ देखने के लिए निकले। ललन सिंह के इस शादी समारोह में शामिल होने से राजनीतिक हलचल भी तेज है, क्योंकि अनंत सिंह को जदयू से छह साल के लिए निष्कासित किया जा चुका है। ऐसे में ललन सिंह का विवाह में शामिल होना यह भी दिखाता है कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद दोनों के निजी और पारिवारिक रिश्ते अच्छे हैं।
कौन-कौन पहुंचा शादी में
मेहमानों के आने का सिलसिला जारी है। भाजपा सांसद विवेक ठाकुर भी पहुंचे हैं। विवेक ठाकुर ने एक्स पर बताया कि वह मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी में शामिल हुए और उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। भोजपुरी अभिनेत्री नीलम गिरी भी अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी पर बिहार आई हैं। उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बात की और कहा कि इस शादी की काफी चर्चा सुनी थी और शादी में गीत संगीत का धमाल होने वाला है। लालगंज की पूर्व विधायक अनु शुक्ला भी नदवां पहुंचीं। वह जेल में बंद बाहुबली नेता सह पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला की पत्नी हैं। अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने उनका स्वागत किया। नीलम देवी भी मोकामा की विधायक रह चुकी हैं।
शादी में 150 तरह के पकवान, 25 बीघे में पंडाल
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में भव्य इंतजाम हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 25 बीघे में पंडाल, हेलीपैड और 30 स्टॉल लगाए गए हैं। लाखों मेहमानों के लिए करीब 150 पकवान, मिठाइयां और बड़ी मात्रा में रसगुल्ले और गुलाब जामुन तैयार किए गए हैं, जिसके लिए सैकड़ों चूल्हे और लगभग 500 हलवाई जुटे हैं। हाई टी में पिज्जा और बर्गर परोसे जा रहे हैं। बारात शाम को आएगी और उससे पहले दिन में बेटे अभिनव सिंह का जनेऊ हो रहा है। शादी समारोह में समधी मिलन के लिए दो हाथियों की व्यवस्था की गई है और अनंत सिंह हाथी पर सवार होकर समधी मिलन करने जाएंगे।