Mokama News: बिहार के मोकामा में अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के दौरान आयोजित घुड़दौड़ देखने उमड़ी भीड़ ने चिंता बढ़ा दी। मुकाबला देखने की होड़ में कुछ लोग जान जोखिम में डालकर 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से जुड़े टावर पर चढ़ गए। भीड़ लगातार बढ़ रही थी, इसलिए अनंत सिंह ने घुड़दौड़ बीच में ही रुकवा दी।
बिहार के मोकामा में अनंत सिंह की बेटी की शादी सिर्फ भव्य सजावट और मेहमानों की वजह से ही चर्चा में नहीं है। यहां आयोजित घुड़दौड़ देखने के लिए उमड़ी भीड़ ने एक अलग ही तस्वीर दिखा दी। मुकाबला देखने के लिए लोगों में ऐसी होड़ मची कि कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गए। ये टावर 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से जुड़ा था। ऐसे टावर पर चढ़ना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक छोटी सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है।
इस घुड़दौड़ में करीब तीन दर्जन घोड़े पहुंचे थे। घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ देश के अलग-अलग राज्यों से मोकामा पहुंचे हैं। बुधवार की दोपहर 2 बजे से घुड़दौड़ शुरू होनी थी। इस रेस में पहला ईनाम थार रखी गई है। इसके अलावा अन्य कई ईनाम भी हैं।
भीड़ बढ़ने पर रुकवानी पड़ी रेस
घुड़दौड़ देखने के लिए लाखों की संख्या में लोग पहुंच गए। भीड़ लगातार बढ़ रही थी। मैदान में मुकाबला जारी रखना मुश्किल होता जा रहा था। ऐसे में अनंत सिंह ने घुड़दौड़ को बीच में ही रुकवा दिया। अब प्रतियोगिता का फाइनल राउंड कल यानी अगले दिन होगा। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और हाईटेंशन टावर पर चढ़े लोगों को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के लिए मोकामा के नदवां गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। गांव को गुलाबी सजावट के साथ एक भव्य समारोह स्थल का रूप दिया गया है।
थार, बुलेट और एक्टिवा हैं ईनाम
इसी के साथ होने वाली घुड़दौड़ में शामिल होने अलग-अलग जगहों से घोड़े और उनके सवार पहुंचे हैं। घुड़दौड़ को देखने के लिए आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लेकिन इस आयोजन में उमड़ी भीड़ के बीच हाईटेंशन टावर पर लोगों का चढ़ना सबसे चिंताजनक तस्वीर बन गया।
घुड़दौड़ के लिए नादवां में क्रिकेट के मैदान जैसा नजारा देखने को मिल रहा था। इस रेस में पहला इनाम थार है। दूसरा इनाम बुलेट और तीसरा इनाम एक्टिवा है। थार भी ग्राउंड में पहुंच चुकी थी।
इस स्पर्धा में शामिल होने वाले घोड़ों में राजा, रॉकेट, बादल और आकाश के नाम खास चर्चा में रहे। इन घोड़ों की रफ्तार और प्रदर्शन को लेकर लोग उत्सुक थे। बता दें कि अनंत सिंह के नदवां गांव में बेटी की शादी को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं। गांव को सजाया गया है। मंडप और जयमाला स्थल तैयार किए गए हैं।
आमतौर पर शादी में लोग बारात, जयमाला, संगीत और दावत का इंतजार करते हैं। लेकिन नदवां में इस बार लोगों के पास देखने के लिए एक और चीज है। घोड़ों की रफ्तार और उनके बीच होने वाला मुकाबला अब कल होगा। तब पता चलेगा कि राजा, रॉकेट, बादल और आकाश में से कौन अपनी रफ्तार से मैदान में सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरता है।