Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक सरकारी स्कूल की कक्षा में बड़ा हादसा पेश आया है। क्लासरूम की छत का भारी प्लास्टर अचानक नीचे गिरने से एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के तुरंत बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
यह घटना संगड़ाह उपमंडल के अंतर्गत आने वाले राजकीय प्राथमिक स्कूल लगनू में मंगलवार सुबह घटी। रोजाना की तरह कक्षाएं चल रही थीं कि अचानक चौथी कक्षा के कमरे की छत से सीमेंट का बड़ा हिस्सा टूटकर सीधे एक छात्रा के सिर पर गिर गया, जिससे वह लहूलुहान हो गई।
प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया
हादसे के तुरंत बाद स्कूल स्टाफ ने घायल बच्ची को नागरिक अस्पताल संगड़ाह पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया। घटना से अन्य बच्चों और शिक्षकों में डर का माहौल है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्कूल भवन की स्थिति का जायजा लिया। विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और भवन की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है।