Patna News: बिहार में छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शिक्षा के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चार बड़े ऐलान किए हैं। रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उन्होंने इन फैसलों की जानकारी दी। इन घोषणाओं में शिक्षा की गुणवत्ता, परीक्षा सुधार, सहयोग शिविर और छात्र कल्याण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, “बिहार में शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण एवं छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर परीक्षा व्यवस्था एवं छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए बिहार सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
सरकार की पहली घोषणा के तहत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रदेश के प्रत्येक स्कूल तक पहुंचाने के लिए एक विशेष राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति हर विद्यालय को उत्कृष्टता का केंद्र बनाने पर काम करेगी। इससे छात्रों के पढ़ाई और सीखने के स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो सकेगा।
दूसरी घोषणा में परीक्षाओं में सुधार की बात कही गई है। बिहार में परीक्षाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक बनाने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति गठित हुई है। यह समिति परीक्षाओं में तकनीक और एआई (AI) का उपयोग कर छात्रों की समझ और क्षमता के बेहतर मूल्यांकन के सुझाव देगी।
तीसरी बड़ी घोषणा के तहत राज्य में विशेष सहयोग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक सीधे छात्रों से बातचीत करेंगे। जनप्रतिनिधि छात्रों से संवाद करके उनकी समस्याओं को सुनेंगे और शिक्षा सुधार के लिए उनके सुझावों को अमल में लाएंगे।
चौथी घोषणा छात्रों के सीधे कल्याण से जुड़ी हुई है। छात्र हित के कार्यों में बेहतर तालमेल और प्रभावी अमल के लिए संबंधित विभागों में अलग से निदेशालय बनेगा। इससे योजनाओं का लाभ सही समय पर सीधे विद्यार्थियों तक बिना किसी बाधा के पारदर्शी रूप से पहुंच सकेगा।
बिहार सरकार की यह पहल ऐसे समय में आई है जब देशभर में पेपर लीक जैसे मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली और रांची में छात्र आंदोलन देखने को मिल रहे हैं। इस माहौल के बीच बिहार सरकार द्वारा उठाए गए ये कदम विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए काफी उपयोगी साबित होंगे।