Dehradun News: देश भर में नीट परीक्षा पर जारी विवाद के बीच उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा का पेपर लीक मामला गरमा गया है। देहरादून पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झाझरा स्थित निजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी मूल रूप से यूपी के सहारनपुर का निवासी है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस प्रकरण को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने मामले की विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग की है।
निरस्त हुई दो विषयों की परीक्षाएं, अगस्त में दोबारा होंगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए यूटीयू प्रशासन की उच्चस्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर बड़ा कदम उठाया गया है। विश्वविद्यालय ने ‘मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स’ और ‘इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी’ विषय की सेमेस्टर परीक्षाओं को पूरी तरह रद्द कर दिया है।
कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि रद्द की गई ये दोनों परीक्षाएं अब अगस्त महीने के तीसरे सप्ताह में आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही आरोपी प्रोफेसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षा संबंधी कार्यों पर सात साल का प्रतिबंध भी लगाया जा चुका है ।
व्हाट्सएप ग्रुप पर पेपर लीक करने का आरोप, एफआईआर दर्ज
यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की गोपनीय शिकायत पर थाना प्रेमनगर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रोफेसर ने 8 जुलाई की परीक्षा से पहले ही 3 जुलाई को पोर्टल और व्हाट्सएप पर महत्वपूर्ण प्रश्न साझा कर दिए थे।
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाल रही है और मामले में संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।