Baddi News: सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के गोलजमाला में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने स्क्रैप कारोबारी के दफ्तर पर पांच राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को इसके पीछे विदेश से संचालित फिरौती नेटवर्क का हाथ होने की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले स्थित औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक स्क्रैप कारोबारी के दफ्तर पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। घटना 25 अक्टूबर को गोलजमाला क्षेत्र में हुई, जहां हमलावरों ने कारोबारी युसुफ के ऑफिस और स्टोर पर पहुंचकर पहले धमकी दी और फिर पांच राउंड फायर किए। वारदात के तुरंत बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पंजाब की सीमा से जुड़ने वाले निकास मार्गों पर नाकाबंदी की। हालांकि, आरोपी कुछ ही मिनटों में वैकल्पिक रास्ते से भागने में सफल रहे। पुलिस ने इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पिछली वारदातों से जुड़े तार, एक ही गिरोह पर शक
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने नालागढ़ पुलिस थाना में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि इससे पहले बूटा प्लासी में 15 अक्टूबर को मनप्रीत नामक व्यक्ति के घर के बाहर नकाबपोश बाइक सवारों ने फायरिंग की थी। इसके बाद 24 अक्टूबर को उसी घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर दोबारा गोलीबारी की गई और हवाई फायर किए गए थे।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि गोलजमाला और बूटा प्लासी की दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है। दोनों मामलों में हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई बाइक और उनके धमकी देने के तौर-तरीकों में काफी समानताएं पाई गई हैं।
विदेश से संचालित नंबर से मिली थी फिरौती की धमकी
एसपी ने खुलासा किया कि स्क्रैप कारोबारी युसुफ को सितंबर माह में भी फिरौती की धमकी मिली थी। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को ‘रफ्ता’ बताया था। तकनीकी जांच में सामने आया है कि जिस नंबर से कॉल की गई थी, वह विदेश से संचालित हो रहा था।
पुलिस को अंदेशा है कि विदेश में बैठे अपराधी स्थानीय युवकों को पैसों का प्रलोभन देकर इस तरह की धमकी और फायरिंग की वारदातों को अंजाम दिलवा रहे हैं। पूरे मामले की तह तक जाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने पांच विशेष जांच टीमों का गठन किया है। ये टीमें सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और स्थानीय इनपुट के आधार पर काम कर रही हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं फिरौती के मामले
एसपी विनोद धीमान के मुताबिक, क्षेत्र में कारोबारियों से वसूली के मामलों में पहले भी पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। कबाड़ी कारोबारी वीरू गुप्ता को आई फिरौती कॉल के मामले में केशव और मेजर नाम के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, नंगल में स्क्रैप कारोबार से जुड़े विवाद में भी चार लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस इन सभी मामलों को लेकर पंजाब पुलिस और एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है।