Mandi News: हिमाचल प्रदेश की मंडी पुलिस ने इस साल नशे के खिलाफ सबसे बड़ी कामयाबी हासिल की है। सुंदरनगर पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान करीब 14 लाख रुपये की कीमत का 143.180 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पंजाब के अमृतसर से मनाली ले जाई जा रही इस खेप के साथ एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया गया है।
सुंदरनगर में चेकिंग के दौरान बस से पकड़ी गई नशे की खेप
सुंदरनगर पुलिस की टीम ने रूटीन चेकिंग के तहत पुंघ इलाके में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान अमृतसर से मनाली की तरफ जा रही एक लग्जरी बस को चेकिंग के लिए रोका गया। बस की तलाशी लेते समय पुलिस को सवारियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को देखते ही बस में सवार 18 वर्षीय अंशिता नेगी निवासी मनाली और 18 वर्षीय हनीश ठाकुर निवासी भुंतर बुरी तरह घबरा गए। पुलिस जवानों ने जब दोनों संदिग्धों की गहनता से तलाशी ली तो उनके पास से 143.180 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस नशे की कुल कीमत करीब 14.31 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने नशीले पदार्थ को तुरंत जब्त करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी मंडी ने बताया कि नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने साफ किया कि ड्रग्स की तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।