मंडी के पाखरी में 16 दिन से लापता 102 वर्षीय बुजुर्ग महिला का गोशाला के पास मिला कंकाल, परिजनों ने कपड़ों से की शिनाख्त

Share

- Advertisement -

Mandi News: पाखरी के डवारडू गांव से 24 अगस्त से लापता 102 वर्षीय बुजुर्ग महिला मनसा देवी का कंकाल खेतों में पड़ा मिला। पुलिस द्वारा चलाए गए बड़े सर्च ऑपरेशन के दौरान यह सफलता मिली। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर महिला के शव की पहचान की। शव पूरी तरह सड़ चुका था।

मंगलवार सुबह डवारडू गांव में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में तलाशी अभियान शुरू हुआ। इसमें पुलिस, वन रक्षक, वन मित्र, पंचायत प्रतिनिधि, एनजीओ और छात्र समेत लगभग 250 लोग शामिल हुए। पुलिस ने सर्च के लिए हवा में ड्रोन कैमरे भी उड़ाए और टीम को चार टुकड़ियों में बांटा।

एसपी विनोद कुमार ने नेशनल हाईवे पर टीमों को जरूरी टिप्स और पानी की किट देकर रवाना किया। करीब आधे घंटे के सर्च के बाद एएसआई अरविंद की अगुवाई वाली टीम को महिला की गोशाला से 900 मीटर दूर कंकाल मिला। टीम में संदेश एनजीओ के अध्यक्ष महेंद्र गुलेरिया और अन्य सदस्य मौजूद थे।

कंकाल मिलते ही थाना प्रभारी अनिल कटोच ने एसपी को सूचना दी और तलाशी अभियान रोककर टीमों को वापस बुला लिया। 25 अगस्त को महिला के पोते संदीप कुमार ने पधर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। संदीप ने बताया था कि उनकी दादी अक्सर गांव की सड़कों पर टहला करती थीं।

पुलिस ने बरामद कंकाल का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद डवारडू गांव के मोक्षधाम में बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार किया गया। मृतका का एक ही बेटा संभू राम है। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News