Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में जमीन का विवाद निपटाने और कोर्ट केस खत्म कराने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। माजरा पुलिस ने कानूनगो परमजीत सिंह, कुलदीप, रविंद्र और धीरज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कोर्ट ने सभी आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।
शिकायतकर्ता रफीक मोहम्मद ने धौलाकुआं क्षेत्र में करीब 11 बीघा जमीन खरीदी थी। कुछ महीनों बाद जब उसने निशानदेही के लिए आवेदन किया तो कानूनगो ने जमीन पर कोर्ट केस चलने की बात कही। इसके बाद विवाद सुलझाने और जमीन की निशानदेही कराने का झांसा देकर उससे 10 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी के अनुसार, कानूनगो ने 25 जनवरी को पीड़ित को बुलाया था। अगले दिन पीड़ित अपने चालक के साथ पहुंचा, जहां बाकी आरोपी भी मौजूद थे। वहां कुल 10 लाख रुपये मांगे गए और उसने तुरंत 1.50 लाख रुपये कानूनगो को दिए। इसके बाद 28 जनवरी को 8.50 लाख रुपये अन्य आरोपियों को दिए गए।
आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपियों ने निशानदेही टाल दी और जमीन पर जाने पर धमकियां दीं। पीड़ित का कहना है कि रकम नकद मांगी गई थी और उसके पास पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। पैसे वापस मांगने पर मिलीभगत कर धमकी दी गई। पुलिस अब लेन-देन के साक्ष्यों और कोर्ट केस से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।