Kangra News: पुलिस थाना हरिपुर के तहत कॉलेज के लिए घर से निकली एक छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है। छात्रा मानसी सुबह घर से निकली थी, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
देर तक घर न पहुंचने पर चिंतित परिजनों ने कॉलेज जाकर जानकारी जुटाई। वहां पता चला कि छात्रा उस दिन कॉलेज पहुंची ही नहीं थी। परिजनों ने आसपास और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला। इससे परिवार की चिंता और अधिक बढ़ गई।
अंततः छात्रा के पिता राजेश कुमार ने हरिपुर थाने में बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दी। पुलिस टीम अब घर से निकलने के बाद के पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। पुलिस अधिकारी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर युवती की सुरक्षित तलाश के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
मामले की पुष्टि एसपी देहरा संदीप धवल ने की है। उन्होंने बताया कि हरिपुर थाना में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।