हमीरपुर में पति ने पीट-पीटकर पत्नी की हत्या की, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के सदर थाना क्षेत्र के जंगल रोपा गांव में पति ने पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान प्रेम लता के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति दिनेश कुमार उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार बुधवार (25 नवंबर) की शाम प्रेम लता जंगल गई हुई थी। जब वह घर लौटी तो उसके शरीर पर चोट के निशान थे। परिजनों के पूछने पर उसने बताया कि उसके पति दिनेश कुमार उर्फ लक्की ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद महिला को रात का खाना खिलाकर सुला दिया गया, लेकिन 26 नवंबर की सुबह वह मृत अवस्था में मिली। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।

शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशान

गांव निवासी करतार चंद की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दिनेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और आरोपी पति को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News