Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने फरीदाबाद पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल को 2,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी अदालती प्रक्रिया के नाम पर रिश्वत मांग रहा था।
शिकायतकर्ता सौरभ ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को इस मामले की शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि एनआईटी-5 थाने में तैनात कांस्टेबल पंकज उनके चाचा फूल सिंह के नाम अदालत से जारी नोटिस या गैर-जमानती वारंट के संबंध में जवाब तैयार करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।
एसीबी टीम ने जाल बिछाकर आरोपी पुलिसकर्मी को दबोचा
सौरभ की शिकायत पर ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी की टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता से 2,000 रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।