Doda News: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां प्रेम नगर पुल से एक युवती ने चिनाब नदी के तेज बहाव में छलांग लगा दी। नदी में कूदने से ठीक पहले युवती ने पिता से फोन पर बात की और जिंदगी खत्म करने की बात कहकर बाय-बाय बोल दिया।
लड़की की पहचान कृष्ण लाल की बेटी पायल देवी के रूप में की गई है। पायल एक स्थानीय मेले में गई थी और गांव के ही एक परिचित युवक के साथ बाइक पर वापस घर लौट रही थी। रास्ते में दुपट्टा बाइक में फंसने की वजह से युवक ने गाड़ी को पुल के पास रोक दिया।
समझाने के बावजूद नहीं मानी, पिता से बात कर लगाई छलांग
दुपट्टा निकालने के दौरान पायल अचानक प्रेम नगर पुल के किनारे चली गई। वहां मौजूद लोगों ने उसे समझाने और रोकने की पूरी कोशिश की। बाइक सवार ने तुरंत लड़की के पिता को कॉल कर हालात बताए। पिता ने फोन पर बेटी को बहुत समझाया, लेकिन उसने फैसला बदलने से साफ मना कर दिया।
आखिरी बार बात करते हुए उसने कहा कि यह उसकी जिंदगी है और वह इसे खत्म कर रही है। इसके तुरंत बाद उसने नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। नदी के तेज बहाव में युवती की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।