Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद थाने पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत से महिला का शव बरामद कर उसे अपनी हिरासत में ले लिया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके और गांव में सनसनी का माहौल बना हुआ है ।
अमरूद तोड़ने के बहाने खेत में ले जाकर की हत्या
पुलिस के अनुसार रमाला थाना क्षेत्र के बराल गांव निवासी संदीप दोपहर में पत्नी मधु को अमरूद तोड़ने के बहाने खेत में ले गया। वहां उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी ।
वारदात के बाद आरोपी शाम करीब 4 बजे रमाला थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी। सूचना पर पुलिस आरोपी को साथ लेकर घटनास्थल पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा ।
पहली पत्नी की मौत के बाद साली से किया था विवाह
पुलिस के मुताबिक संदीप की पहली पत्नी की वर्ष 2009 में बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी। पहली पत्नी की मौत के करीब दो महीने बाद उसने अपनी साली मधु से विवाह कर लिया था ।
पहली पत्नी से उसका 18 वर्षीय एक बेटा और दूसरी पत्नी से 15 वर्षीय एक बेटी है। घटना के बाद से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा गांव में मातम छाया है ।
पारिवारिक विवाद और हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
क्षेत्राधिकारी अंशु जैन ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे का मुख्य कारण जानने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है ।
पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी मनमुटाव या किसी अन्य कारण की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।