हमें धमकियां मिल रही, अंकिता भंडारी के माता-पिता फिर धरने पर बैठे, मां सिसकती रही

Share

- Advertisement -

Uttarakhand News: बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर पीड़िता के माता-पिता एक बार फिर धरने पर हैं। उन्होंने देहरादून के गांधी पार्क में प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमे और नार्को टेस्ट की मांग की।

अंकिता की हत्या के दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य पर मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर देहरादून के गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन किया गया। उन्होंने पुलिस पर केस दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। उनके समर्थन में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ने भी प्रदर्शन किया।

कांग्रेस का समर्थन

बुधवार दोपहर 12 बजे अंकिता के माता-पिता गांधी पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने धरना दिया। इसकी सूचना मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा समेत कई कांग्रेसी नेता वहां पहुंचे। उन्होंने धरने को समर्थन दिया। अंकिता के परिजनों ने विनोद आर्य और उनके वकील पर केस दर्ज करने की मांग की। उन्होंने अंकिता और दोस्त की निजी चैट सार्वजनिक करने के आरोप लगाए।

अंकिता के पिता की मांग

अंकिता के पिता का कहना था कि मेरी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। ये पूरे उत्तराखंड की लड़ाई है। मैं अपनी लड़की के लिए लड़ रहा हूं। देश-उत्तराखंड की लड़की के लिए लड़ रहा हूं। मेरी बेटी को न्याय नहीं मिला। विनोद आर्य की कॉल डिटेल और नार्को टेस्ट किया जाए। विनोद आर्य भी इस केस से जुड़ा है।

धमकियां मिलने का दावा

अंकिता के पिता ने आगे दावा किया कि 14 अक्तूबर को जब हम दिल्ली में धरने पर बैठे थे, उसके अगले दिन से धमकियां मिल रही हैं, लेकिन हम झुकेंगे नहीं। उन्होंने सवाल उठाए कि हम लगातार न्याय के लिए आवाज उठा रहे हैं। अगर मामले में कोई वीआईपी है तो उसकी अब तक पहचान क्यों नहीं हो पाई है? उन्होंने उर्मिला सनावर द्वारा जारी किए गए वायरल ऑडियो में लिए गए नामों की जांच कराने की भी मांग उठाई। कहा कि पुराने गवाहों के बयान बार-बार उठाने के बजाय जांच वीआईपी की तरफ क्यों नहीं बढ़ रही है? मामले में दोषी पुलकित आर्य के फोन की जांच में कमी क्यों रह गई?

विनोद आर्य के खिलाफ थाने में शिकायत की थी

बीते दिनों अंकिता भंडारी के माता-पिता ने बेटी की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने और उसकी मौत के बारे में झूठे दावे करने का आरोप लगाते हुए मामले में दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें कहा गया है कि उनकी बेटी की निजी व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक करने, तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने और उनके चरित्र पर लांछन लगाने के मामले में विनोद आर्य पर प्राथमिकी दर्ज की जाए।

विनोद आर्य के दावे

विनोद आर्य ने 16 नवंबर को हरिद्वार में एक संवाददाता सम्मेलन में अंकिता और उसके कथित पुरुष मित्र के बीच हुई चैट के 4,000 से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए थे। इस चैट का हवाला देते हुए आर्य ने अपने बेटे को बेकसूर बताया और मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी। साथ ही, चैट को जांच में शामिल करने की मांग करते हुए आर्य ने यह भी दावा किया कि अंकिता की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने आत्महत्या की थी और ऐसा उसने अपने माता-पिता तथा उस पुरुष मित्र के उत्पीड़न से तंग आकर किया था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News