Shimla News: हिमाचल प्रदेश के हजारों अनुबंध कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर आई है। दो साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को पक्का होने के लिए अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि समय पर नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होगी।
वर्तमान सरकार के दो साल के कार्यकाल के दौरान सरकारी सेवा में आए 1000 से 1500 अनुबंध कर्मचारियों को इस फैसले का सीधा फायदा मिलेगा। इसके अलावा सभी आवश्यक शर्तें और नियम पूरे करने वाले दैनिक वेतनभोगियों को भी चरणबद्ध तरीके से नियमितीकरण का लाभ दिया जाएगा।
राज्य सरकार की तय नीति के अनुसार हर साल 31 मार्च और 30 सितंबर को उन अनुबंध कर्मचारियों को नियमित किया जाता है, जिन्होंने दो साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। अक्सर कागजी कार्रवाई और विभागीय देरी की वजह से कर्मचारियों को आदेश जारी होने का लंबा इंतजार करना पड़ता था।
इस बार सरकार की पूरी कोशिश है कि तय तारीखों के तुरंत बाद कर्मचारियों को नियमित करने के आदेश सौंप दिए जाएं। विभागीय स्तर पर प्रक्रिया में अब कोई देरी नहीं होगी। मुख्य सचिव केके पंत ने इस संबंध में सभी सरकारी विभागों को समयसीमा का पालन करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद प्रदेश सरकार के सभी विभागों ने प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। कर्मचारियों को पक्का करने से जुड़ी जरूरी कागजी औपचारिकताओं और फाइल वर्क को तेजी से निपटाया जा रहा है ताकि तय तिथि पर आदेश जारी हो सकें।