सोना 24 हजार रुपये सस्ता, चांदी भी गिरी; साल के अंत तक और गिर सकते हैं दाम

Share

- Advertisement -

Chandausi News: नवंबर में सोने और चांदी के दामों में गिरावट आई है। सोने के दाम डेढ़ लाख रुपये से घटकर शनिवार तक 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गए। चांदी 3.80 लाख रुपये से गिरकर 1.55 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि साल के अंत तक कीमतों में और कमी आ सकती है।

नवंबर की शुरुआत में सोने के दाम डेढ़ लाख के आसपास थे जो शनिवार तक घटकर करीब 1.26 लाख प्रति 10 ग्राम तक आ गए। इससे सोने की कीमतों में करीब 24 हजार रुपये की गिरावट दर्ज की गई। सोने के दामों में गिरावट के चलते लोगों के मन में शंका है कि इसका दाम अभी और नीचे जाएगा या फिर इसमें उछाल आएगा।

पांच साल में तीन गुना बढ़े थे सोने के दाम

पांच साल पहले सोने के दामों की बात करें तो अब तक करीब तीन गुना तक बढ़ोतरी हुई है। करीब 48 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से बढ़कर सोने के दाम डेढ़ लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गए थे। नवंबर में तेजी से इसके दामों में गिरावट आई है। शनिवार को सोने का भाव 1.26 लाख रुपये तक आ गया।

शादियों के सीजन में बढ़ी खरीदारी

ऐसे में सोने में निवेश करने वालों ने अपने हाथ रोक लिए हैं तो कुछ खरीदारी करने में लगे हैं। शादियों का सीजन चल रहा है तो जरूरतमंद लोग खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों का मानना है कि दामों में उतार-चढ़ाव के चलते ग्राहक खरीदारी से बच रहे हैं। सहालगों के चलते जरूरतमंद ही खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों का अलग-अलग मानना है। कुछ इस समय बाजार मंदा तो कुछ सामान्य बता रहे हैं।

साल के अंत तक और गिर सकते हैं दाम

विशेषज्ञों की मानें तो इस साल के अंत तक सोने की कीमतों में और गिरावट आ सकती है, हालांकि यह बाजार की चाल और वैश्विक संकेतों पर निर्भर करेगा। कुछ कारोबारियों का भी मानना है कि सोना साल के अंत तक 1.10 लाख रुपये के भाव तक आ सकता है।

चांदी के दामों में भी गिरावट से सहमा बाजार

सोने की तरह चांदी भी उन निवेशकों को डरा रही है, जिन्होंने ऊंचे दामों पर इसे खरीदा है। शनिवार को चांदी का भाव 1.55 लाख रुपये प्रति किलो रहा, जबकि यह 3.80 लाख रुपये का आंकड़ा छू चुकी है। डालर के मजबूत होने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के चलते बीते शुक्रवार को इसके दामों में काफी कमी देखी गई। आने वाले दिनों में इसमें और गिरावट की उम्मीद जताई जा रही है।

दीपक अग्रवाल के अनुसार, बाजार अभी कुछ दिन में ही इतना गिरा है। हालांकि शादियों के सीजन में सोने की डिमांड बढ़ी है। लोग दाम कम होने का फायदा भी उठा रहे हैं। आने वाले दिनों में रेट में और गिरावट की आशंका है। वहीं हर्ष गोयल का कहना है कि सोने के दामों में उतार-चढ़ाव के चलते खरीदार डर रहे हैं। निवेशकों में भी डर बना हुआ है तो शादी वाले घरों में मजबूरी के कारण खरीदारी की जा रही है। बाजार जब तक स्थिर नहीं होगा तब तक खरीदार आशंकित रहेंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News