बिहार के 20 और पुलों और राज्य उच्च पथों पर टोल टैक्स की दरें तय, निजी वाहनों को राहत

Share

- Advertisement -

Patna News: पथ निर्माण विभाग ने बिहार के 20 और पुलों और राज्य उच्च पथों पर टोल टैक्स की दरें तय कर दी हैं। निजी कार, जीप और वैन से कोई टोल नहीं लिया जाएगा, जबकि वाणिज्यिक वाहनों से वाहन के प्रकार के हिसाब से प्रति किलोमीटर शुल्क वसूला जाएगा। इससे पहले 32 पुलों और पथों पर दरें तय हो चुकी थीं।

विभाग के आदेश के मुताबिक, वाणिज्यिक वाहनों से वसूली की कार्रवाई चरणवार शुरू की जाएगी। पुल और पथ की लंबाई के आधार पर टैक्स लिया जाएगा। राज्य कैबिनेट ने कुछ दिनों पहले प्रदेश के राज्य उच्च पथों और बड़े पुलों पर टोल टैक्स लगाने का फैसला लिया था। टोल टैक्स के नियमों को सुसंगत बनाने की मांग काफी समय से चल रही थी।

इन 20 पुलों और पथों पर तय हुई दरें

जिन पुलों और पथों के लिए टोल की दर तय हुई है, उनमें सकरी नदी पर बने वारसलीगंज-खरात पथ का पुल, गिरियक-पार्वती पथ पर पुल, मंझवे-गोविंदपुर पथ पर पुल, खगड़िया-सोनमंनखी पथ पर बागमती नदी का पुल, कांटी से रगई घाट पथ पर गंडक नदी का पुल, मैथी-बखरी-पिलखी पथ पर पुल और हसनपुर-सखुआ घाट पथ पर करेह नदी का पुल शामिल हैं।

इसके अलावा बड़हिया-कृष्णा चौक से रामपुर के बीच सुरजीचक पुल, सनहौला-बैसा-हनवारा पथ पर गेड़िया नदी का पुल, बलुआहा घाट से गंडोल पथ पर कोसी नदी का पुल, विशनपुर-अतरवेल पथ पर अराई नदी का पुल, हसनपुर-सोहरवारा-सती घाट पथ पर करेह नदी का पुल, फतेहपुर से मोहनपुर-बाराचट्टी के बीच फल्गू नदी का पुल, रोसड़ा-बहेरी पथ पर करेह नदी का पुल और घोशी-सुखियावां पथ पर फल्गू नदी का पुल भी इस सूची में हैं।

चौतरवा-बंसी पथ के धनहा-रतवल पथ, मखदुमपुर-सोनावा-बौड़ी हुलासगंज पथ, गया-परैया-गुरारू पथ, बेला श्रीपुर बराबर लिंक खिजासराय पथ और अलौली शहरबन्नी पथ के फूलतौरा घाट पथ पर भी दर तय हुई है।

वाणिज्यिक वाहनों के लिए दरें

विभाग ने तय किया है कि वैन, कार, जीप व अन्य व्यावसायिक हल्के वाहनों पर 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर टोल टैक्स लगेगा। छोटे व्यावसायिक वाहनों, यानी मिनी बस और माल वाहनों पर 2 रुपये प्रति किलोमीटर, दो धुरी वाले बस और ट्रक पर 4.25 रुपये प्रति किलोमीटर और तीन धुरी वाले वाणिज्यिक वाहन पर 4.60 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से टोल टैक्स लगेगा।

नियमावली के अनुसार दरों का निर्धारण

बिहार पथ उपयोगकर्ता शुल्क (दरों का निर्धारण एवं संग्रहण) नियमावली 2026 के आधार पर दरें तय की गई हैं। नियमावली में स्पष्ट किया गया है कि दो लेन से अधिक तथा चार लेन से कम के स्टेट हाईवे पर तय राशि का 60 प्रतिशत टोल टैक्स लगेगा। चार लेन तथा इससे अधिक चौड़ी सड़कों पर तय राशि का सौ प्रतिशत टोल टैक्स लगेगा। मध्यवर्ती लेन (5.5 मीटर चौड़ी) सड़क पर 50 प्रतिशत टैक्स लगेगा। पुल पर टोल टैक्स का निर्धारण उसकी लंबाई में दस से गुणा कर किया जाएगा। इससे पहले 29 राज्य उच्च पथों और तीन बड़े पुलों पर टोल टैक्स की दरें तय की गई थीं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News