एमी नेल्सन की छह साल की लड़ाई, अमेजन से पति को बचाने में गंवाए घर और नौकरी

Share

- Advertisement -

World News: अमेरिका में महिला उद्यमी एमी नेल्सन ने अपने पति कार्लटन नेल्सन को बचाने के लिए कंपनी अमेजन से छह साल तक कानूनी लड़ाई लड़ी। इस लड़ाई में उन्हें अपना घर बेचना पड़ा, नौकरी गंवानी पड़ी और पैतृक शहर लौटना पड़ा। जांच के बाद पति पर कोई आपराधिक आरोप तय नहीं हुआ, लेकिन एमी की कंपनी सिमटकर उन तक रह गई।

एक समय था जब एमी नेल्सन को आधुनिक कामकाजी महिलाओं की सशक्त आवाज और सफल उद्यमी के रूप में जाना जाता था। वर्ष 2017 में उन्होंने कामकाजी महिलाओं के लिए ‘द रिवेटर’ नामक एक साझा कार्यस्थल व नेटवर्क की शुरुआत की। महज तीन वर्षों के भीतर उन्होंने करोड़ों रुपये की पूंजी जुटाई, सौ से अधिक लोगों को रोजगार दिया और अमेरिका भर में दस कार्यालय खोले।

लेकिन 2 अप्रैल 2020 की सुबह सब कुछ बदल गया, जब संघीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने उनके सिएटल स्थित घर का दरवाजा खटखटाया। जांच अधिकारियों ने एमी को एक पत्र सौंपा, जिसमें उनके पति कार्लटन नेल्सन को उनके पूर्व नियोक्ता, दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी ‘अमेजन’ के रियल एस्टेट सौदों में रिश्वतखोरी की एक संघीय आपराधिक जांच का संदिग्ध बताया गया था। इस घटना के महज डेढ़ घंटे बाद, एमी ने अपनी कंपनी के एक बड़े ऑनलाइन कार्यक्रम की मेजबानी पूरे आत्मविश्वास के साथ की, लेकिन भीतर से उनकी दुनिया बिखर चुकी थी।

घर बेचना पड़ा, नौकरी भी छूटी

अमेजन ने कार्लटन पर धोखाधड़ी का दीवानी मुकदमा दायर कर दिया। जांच एजेंसी ने परिवार के सभी बैंक खाते और एमी की निजी बचत तक जब्त कर ली। कुछ हफ्तों बाद बंदूकधारी एजेंटों ने उनके घर की तलाशी ली। इस सदमे से एमी पूरी तरह टूट गईं और डर के साये में जीने लगीं। कानूनी खर्चों को पूरा करने के लिए उन्हें अपना घर बेचना पड़ा और वे पैतृक शहर कोलंबस, ओहियो लौट आईं। जब उन्होंने एक नई कंपनी में उच्च पद पर नौकरी हासिल की, तो पति के मामले की भनक लगते ही उन्हें एक हफ्ते में निकाल दिया गया।

खुद जुटाए सबूत, पति पर कोई आरोप तय नहीं हुआ

वर्षों की संघीय जांच के बाद कार्लटन पर कोई आपराधिक आरोप तय नहीं हुआ। कानून की स्नातक रहीं एमी ने खुद सबूत जुटाए और व्यवस्था को चुनौती दी। उन्होंने साबित किया कि अमेजन के वकील गलत अनुबंध के आधार पर मुकदमा लड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी सामने लाया कि इस मामले की सुनवाई कर रहे न्यायाधीश की पत्नी के पास अमेजन के शेयर हैं, जिसके बाद न्यायाधीश को मामले से हटना पड़ा।

सोशल मीडिया पर नया अवतार, सिमटता कारोबार

जैसे-जैसे मुख्यधारा के कॉर्पोरेट जगत और प्रगतिशील समर्थकों ने उनसे दूरी बनाई, एमी ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। उन्होंने शक्तिशाली पूंजीपतियों और सरकारी तंत्र के खिलाफ आवाज उठाई, जिससे वे दक्षिणपंथी हलकों और वैकल्पिक मीडिया के बीच लोकप्रिय हो गईं। उनके इस बदले हुए तेवर से उनके पुराने व्यापारिक सहयोगी नाराज हो गए और विज्ञापन वापस ले लिए। परिणामस्वरूप, कभी सौ कर्मचारियों वाली उनकी कंपनी सिमटकर केवल उन तक ही सीमित रह गई।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News