उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: 12 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा, चमोली में बादल फटने से पुल बहा

Share

- Advertisement -

Dehradun News: उत्तराखंड में सक्रिय मानसून के बीच मौसम विभाग ने 12 जिलों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का बड़ा अलर्ट जारी किया है. राज्य के कई पहाड़ी और मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटों में तेज बारिश और जलभराव का खतरा जताया गया है. प्रशासन ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है.

मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने चेतावनी जारी की है. 11 अगस्त की शाम 5:30 बजे तक राज्य के जलग्रहण क्षेत्रों में मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का जोखिम बना रहेगा. आगामी तीन घंटों के भीतर कई प्रमुख तीर्थ स्थलों और पहाड़ी कस्बों में भारी बारिश होने की पूरी संभावना जताई गई है.

विभाग के अनुसार केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री, गंगोत्री, सोनप्रयाग, ऊखीमठ, जोशीमठ और कर्णप्रयाग में बारिश के आसार हैं. इसके अलावा थराली, कपकोट, धारचूला और मुनस्यारी के कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है. चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के क्षेत्रों में भी खराब मौसम का दौर जारी रहेगा.

बुलेटिन के मुताबिक अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, टिहरी और हरिद्वार में बाढ़ का जोखिम बना हुआ है. वहीं नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल के निचले इलाकों में पानी का तेज बहाव आ सकता है. लगातार बारिश से मिट्टी में बढ़ी नमी जलभराव और भूस्खलन के खतरे को बढ़ा रही है.

इस बीच चमोली जिले की नीति घाटी में सोमवार शाम बादल फटने से भारी तबाही हुई है. तमक नाला अचानक उफान पर आ गया, जिससे बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन का एक मजबूत पुल पानी में बह गया. इस हादसे में एक स्थानीय युवक लापता हो गया है, जिसकी तलाश में बचाव कार्य शुरू किया गया है.

अलकनंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है. नदी किनारे रहने वाले निवासियों और राहगीरों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है. आपातकालीन परिचालन केंद्र से पूरे हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और राहत टीमों को अलर्ट पर रखा गया है.

पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन और मार्ग बाधित होने का जोखिम बना हुआ है. प्रशासन ने यात्रियों, चारधाम श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करके ही आगे का सफर तय करने को कहा गया है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके.

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News