पुष्कर मेला 2026 में आकर्षण का केंद्र बनी 2 फीट की भैंस ‘पिंकी’, कीमत को लेकर छिड़ी बहस

Share

- Advertisement -

Ajmer News: राजस्थान के पुष्कर अंतरराष्ट्रीय मेला 2026 के अंतिम दिन महाराष्ट्र के ठाणे से लाई गई 2 फीट ऊंची ‘पिंकी’ नामक भैंस आकर्षण का केंद्र रही। करीब 5 साल की इस भैंस के मालिक ने इसे दुनिया की सबसे छोटी भैंस बताया है। सोशल मीडिया पर इसकी कीमत 20 लाख से 1 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है।

राजस्थान के अजमेर स्थित पुष्कर अंतरराष्ट्रीय मेला 2026 का मंगलवार को समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन महाराष्ट्र के ठाणे से लाई गई ‘पिंकी’ नामक एक भैंस अपनी अनोखी कद-काठी के कारण दर्शकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रही। इसकी ऊंचाई महज 2 फीट और उम्र करीब 5 साल है।

सामान्य भैंसों की तुलना में बेहद छोटा कद होने के कारण मेले में आने वाले लोग इसे देखने के लिए उमड़ पड़े। इसके मालिक सोहेल शकील इसे महाराष्ट्र के ठाणे से लगभग 1100 किलोमीटर का लंबा सफर तय करके पुष्कर मेले में लाए थे। सोहेल शकील ने दावा किया कि पिंकी दुनिया की सबसे छोटी भैंस है।

सोशल मीडिया पर कीमत को लेकर छिड़ी बहस

इंस्टाग्राम पर ‘@rajendra_phagi’ हैंडल से पिंकी का एक वीडियो साझा किया गया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पिंकी की कीमत 20 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है। हालांकि, भैंस के मालिक सोहेल शकील की ओर से इसकी वास्तविक कीमत का कोई खुलासा नहीं किया गया है।

मालिक के अनुसार, पिंकी की मां की ऊंचाई भी महज 3 फीट थी और वह करीब 2 लीटर दूध देती थी। उन्होंने बताया कि पिंकी का छोटा कद पूरी तरह प्राकृतिक है और यह किसी विशेष नस्ल का परिणाम नहीं है। वहीं, सोशल मीडिया पर इसकी करोड़ों की कीमत को लेकर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए लिखा कि मेले में अक्सर एक करोड़ को एक हजार बोलकर प्रचारित किया जाता है।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है ‘राधा’ भैंस का नाम

दुनिया की सबसे छोटी पालतू भैंस का आधिकारिक खिताब महाराष्ट्र के ही सतारा जिले की ‘राधा’ नामक भैंस के नाम दर्ज है। माण तहसील के मलवड़ी गांव निवासी किसान त्रियंबक बोराटे और उनके बेटे अनिकेत बोराटे के फार्म में रहने वाली राधा के नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड है।

19 जून 2022 को जन्मी मुर्रा नस्ल की राधा की ऊंचाई 2 फीट 8 इंच है। जन्म के बाद से ही इसका शारीरिक विकास सामान्य भैंसों से अलग रहा। साल 2024 में जब इसे एक पशु प्रदर्शनी मेले में ले जाया गया था, तब इसकी कीमत 3 लाख रुपये लगाई गई थी।

Read more

Related News