Mandi News: जिला मंडी के नेरचौक नगर परिषद क्षेत्र के डडौर में पानी से भरी बाल्टी में गिरने से ढाई वर्षीय मासूम अनिरुद्ध की दुखद मौत हो गई। कपड़े धोते समय मां अचानक चक्कर खाकर बेहोश हो गई थी, जिसके बाद बच्चा खेलते हुए बाथरूम में बाल्टी में गिर गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। नगर परिषद नेरचौक के वार्ड नंबर नौ (डडौर) में एक परिवार की त्योहार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब ढाई वर्षीय मासूम की पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान अनिरुद्ध अबरोल पुत्र रोहित अबरोल के रूप में हुई है। अनिरुद्ध के पिता रोहित की स्थानीय स्तर पर कपड़े की दुकान है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को बच्चे की मां घर में कपड़े धो रही थी। कपड़े धोने के बाद जब वह बाहर उन्हें सुखाने लगी, तो अचानक चक्कर आने की वजह से वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। इसी दौरान ढाई वर्षीय अनिरुद्ध खेलते-खेलते बाथरूम की तरफ चला गया और वहां पानी से भरी बाल्टी में गिर गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी मौत
मां को जब होश आया तो उसने बच्चे को तलाशना शुरू किया। बाथरूम में बेटे को बाल्टी में बेसुध पड़ा देख मां की चीख निकल गई। महिला का शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में मासूम को श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के उपरांत बच्चे को मृत घोषित कर दिया। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके का जायजा लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
मंडी जिले में पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे दर्दनाक हादसे
जिले में छोटे बच्चों के पानी के बर्तनों या टैंकों में गिरने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी लापरवाही और दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों के चलते कई मासूम अपनी जान गंवा चुके हैं:
- 20 जनवरी: सरकाघाट उपमंडल के तारगंला गांव में पानी से भरे टब में गिरने से पौने तीन साल की बच्ची की मौत हो गई थी।
- 27 मार्च: पद्धर क्षेत्र में नेपाली मूल की एक वर्षीय मासूम बच्ची की बाल्टी में डूबने से जान चली गई थी।
- 22 अगस्त: कोटली उपमंडल के बरयार गांव में आंगन में बने पानी के टैंक में डूबने से एक चार वर्षीय बच्चे ने दम तोड़ दिया था।