खगड़िया के पूर्व एसपी भानु प्रताप की पत्नी पूजा सिंह सहित 7 पर केस दर्ज, पिस्टल छीनने का आरोप

Share

- Advertisement -

Khagaria News: बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी और खगड़िया के पूर्व एसपी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। खगड़िया के मुफस्सिल थाने में पूजा सिंह और उनके मायके के सात लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर एसपी आवास के बाहर धरने के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल छीनने के प्रयास का आरोप है।

बिहार के चर्चित आईपीएस अधिकारी व खगड़िया के पूर्व पुलिस अधीक्षक (एसपी) भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब आपराधिक कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। पति के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली पूजा सिंह और उनके परिजनों पर खगड़िया पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मुफस्सिल थाना पुलिस ने थानाध्यक्ष के स्व-बयान के आधार पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और ऑन-ड्यूटी पुलिस पदाधिकारी से हथियार छीनने के प्रयास समेत कई गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है।

मुफस्सिल थाने में कांड संख्या 151/26 दर्ज

मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 151/26 के तहत यह प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पूर्व एसपी की पत्नी पूजा सिंह को मुख्य आरोपी बनाया है। उनके साथ पूजा सिंह की मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मौसा प्रहलाद मिश्रा और एक परिचित धनवंत सिंह राठौर को नामजद किया गया है।

सभी आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 132, 352, 61(2)(a) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

धरने के दौरान पिस्टल पकड़ने का आरोप

थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह के बयान के अनुसार, यह घटना 3 नवंबर 2026 की सुबह की है। पूजा सिंह अपने समर्थकों के साथ खगड़िया स्थित एसपी आवास के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गई थीं। एसपी आवास परिसर से पुलिस की गोपनीय शाखा और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) जैसे प्रशासनिक कार्यालय संचालित होते हैं, जिससे अधिकारियों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। आरोप है कि जब पुलिस बल ने उन्हें समझाकर हटने का अनुरोध किया, तो वह उग्र हो गईं। इस दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश की और चीखते हुए कहा, “मुझे शूट कर दो, मेरा एनकाउंटर कर दो।”

पत्नी के आरोपों के बाद हटाए गए थे एसपी

वर्ष 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने इससे पहले पटना के महिला थाने में अपने पति, ससुर और ननद-नंदोई के खिलाफ मारपीट, प्रताड़ना और छह साल की बेटी को अलग रखने के आरोप में केस दर्ज कराया था। वह पटना में मुख्यमंत्री आवास और पुलिस मुख्यालय के बाहर भी धरने पर बैठी थीं। विवाद बढ़ने पर राज्य के गृह विभाग ने भानु प्रताप सिंह को खगड़िया एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय पटना में योगदान देने का निर्देश दिया था।

वीडियो फुटेज के आधार पर जांच जारी

आईपीएस अधिकारी को खगड़िया से हटाए जाने के बाद अब पूजा सिंह और उनके मायके पक्ष पर लोक शांति भंग करने और पुलिस पर हमलावर होने के आरोप में केस दर्ज हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Read more

Related News