Rewa News: इंदौर से रीवा पहुंची फ्लाइट संख्या 6E-7171 को शनिवार को हवा के बदलते रुख के कारण लैंडिंग में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रीवा एयरपोर्ट पर उतरने की 3 कोशिशें नाकाम रहने और करीब 35 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद विमान को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। इस घटनाक्रम के कारण आगे की उड़ानों का शेड्यूल भी गड़बड़ा गया, जिससे नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया।
इंदौर से रीवा जा रहे इस विमान में 40 से अधिक यात्री सवार थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फ्लाइट संख्या 6E-7171 का निर्धारित प्रस्थान समय दोपहर 12:35 बजे है, लेकिन शनिवार को यह करीब आधे घंटे की देरी से दोपहर 1:05 बजे इंदौर से रवाना हुई थी।
35 मिनट तक आसमान में चक्कर लगाता रहा विमान
रीवा पहुंचने पर पायलट ने रनवे पर विमान उतारने के लिए 3 बार प्रयास किया। हालांकि, हवा की दिशा, गति और दबाव में अनुकूल तालमेल नहीं बन पाने के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। विमान करीब 35 मिनट तक आसमान में ही मंडराता रहा, जिससे अंदर बैठे यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई। अंततः अनुकूल परिस्थितियां न बनती देख पायलट ने सुरक्षा के मद्देनजर विमान को वाराणसी एयरपोर्ट की ओर मोड़ने का फैसला लिया।
वाराणसी से लौटकर हुई सुरक्षित लैंडिंग
वाराणसी एयरपोर्ट पर कुछ समय रुकने के बाद विमान ने दोबारा रीवा के लिए उड़ान भरी। दूसरी कोशिश में रीवा एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग हो गई, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि, इस डायवर्जन के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निर्धारित समय से काफी अधिक इंतजार करना पड़ा।
इंदौर-अहमदाबाद फ्लाइट शेड्यूल पर पड़ा असर, यात्रियों का हंगामा
रीवा में हुई इस देरी का सीधा असर विमान के अगले शेड्यूल पर पड़ा। तय समय के अनुसार, इस विमान को शाम 4:30 बजे रीवा से वापस इंदौर पहुंचना था, लेकिन यह रात 7:32 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचा।
इसके चलते इंदौर से शाम 5:00 बजे अहमदाबाद जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट भी लेट हो गई। घंटों इंतजार के बाद विमान रात 8:20 बजे यानी करीब 3 घंटे 20 मिनट की देरी से अहमदाबाद के लिए रवाना हो सका। उड़ान में हुई इस अत्यधिक देरी से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों को समझाइश दी और असुविधा से परेशान यात्रियों को टिकट रिफंड व रीबुकिंग का विकल्प उपलब्ध कराया।