Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नेहरू कॉलोनी में स्ट्रीट फूड खाने के बाद दो सगे भाइयों की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में इलाज के दौरान 8 वर्षीय राघव की मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय बड़ा भाई कुनाल आईसीयू में भर्ती है। शुरुआती जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
हरियाणा के फरीदाबाद में स्ट्रीट फूड खाने के बाद एक आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती है। यह घटना नेहरू कॉलोनी इलाके की है, जहां चिप्स और चाउमीन खाने के कुछ देर बाद दोनों सगे भाइयों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
मृतक बच्चे की पहचान आठ वर्षीय राघव के रूप में हुई है। वहीं, उसका 10 वर्षीय बड़ा भाई कुनाल अस्पताल के आईसीयू में उपचाराधीन है। डॉक्टरों के अनुसार, कुनाल की हालत में अब सुधार हो रहा है।
घर लौटने के बाद दोनों भाइयों को होने लगीं उल्टियां
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर की शाम करीब सात बजे राघव और कुनाल भूख लगने पर घर से बाहर निकले थे। दोनों के पास खाने के लिए 10 से 15 रुपये थे। रास्ते में उन्हें उनका चचेरा भाई मिला, जिसके पास चिप्स थे। तीनों ने साथ बैठकर चिप्स खाए और इसके बाद दोनों भाइयों ने बाजार से चाउमीन लेकर खाई।
घर लौटने के कुछ समय बाद राघव ने अपनी मां से चक्कर आने और उल्टी जैसा महसूस होने की शिकायत की। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बड़े भाई कुनाल की भी तबीयत बिगड़ गई और दोनों को उल्टियां होने लगीं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
बच्चों की बिगड़ती हालत देखकर परिजन उन्हें तुरंत एनआईटी-3 स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को दूसरे बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान राघव ने दम तोड़ दिया, जबकि कुनाल को आईसीयू में भर्ती किया गया।
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चों ने चाउमीन खाई थी, जिसके बाद उनकी तबीयत खराब हुई। प्रथम दृष्टया यह फूड प्वाइजनिंग का मामला लग रहा है। पुलिस ने राघव के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।