महाराष्ट्र में सियासी हलचल तेज, पीएम मोदी से मिलेंगे शरद पवार गुट के सांसद, परिसीमन बिल पर हो सकती है चर्चा

Share

- Advertisement -

Mumbai News: महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को शरद पवार गुट के सांसदों से मुलाकात करेंगे। एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने साफ किया है कि बैठक में राज्य के मुद्दों पर चर्चा होगी, जबकि परिसीमन बिल पर भी बातचीत की संभावना जताई जा रही है।

सुप्रिया सुले के मुताबिक संसद सत्र न चलने के कारण उन्होंने पीएम मोदी से मीटिंग का समय मांगा था। इससे पहले शरद पवार और सुप्रिया सुले की प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई थी। बाद में सुले ने गृह मंत्री अमित शाह से भी बैठक की थी। इस हलचल के बीच एनसीपी के दोनों गुटों ने आपस में विलय की खबरों को खारिज कर दिया है।

इस महत्वपूर्ण बैठक से महाविकास अघाड़ी में शामिल कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) में बेचैनी देखी जा रही है। हालांकि शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने साफ किया है कि गठबंधन में कोई भ्रम नहीं है। वहीं कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने सवाल उठाया कि एनसीपी (एसपी) के नेता बार-बार केंद्र सरकार के शीर्ष नेताओं से मुलाकात क्यों कर रहे हैं।

विपक्ष संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के परिसीमन प्रावधानों का विरोध कर रहा है। लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत न मिलने से यह बिल अटक गया था। एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने कहा कि उनकी पार्टी संसद में इस बिल के खिलाफ वोट करेगी, क्योंकि इससे चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं बदलकर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश हो सकती है।

इसी बीच एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के एक ही फ्लाइट से कोल्हापुर जाने पर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि पाटिल के करीबियों ने इसे महज एक इत्तेफाक बताया है। इससे पहले भी पाटिल की फडणवीस से हुई मुलाकात ने बीजेपी द्वारा दोनों गुटों को मिलाने की चर्चाओं को हवा दी थी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News