पटना के रिसोर्ट में बर्थडे पार्टी पर पुलिस का छापा, 10 लोग शराब के नशे में गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Bihar News: पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के राजापुल स्थित गेट नंबर 31 के पास एक रिसोर्ट में चल रही बर्थडे पार्टी पर पुलिस ने छापा मारा। छापे के दौरान शराब के नशे में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में रिसोर्ट मैनेजर भी शामिल है। मौके से दो हथियार और शराब भी बरामद की गई है।

सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार ने बताया कि शुक्रवार की देर रात रिसोर्ट में शराब की बिक्री होने की सूचना मिली थी। सत्यापन और कार्रवाई के लिए सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। इसमें श्रीकृष्णापुरी, बुद्धा कॉलोनी और पाटलिपुत्र थाने की पुलिस शामिल हुई।

टीम ने रिसोर्ट की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली। छापामारी के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। इसमें 10 लोग शराब के नशे में मिले। मौके से अलग-अलग ब्रांड की तीन लीटर विदेशी शराब भी बरामद हुई है। तलाशी में दो हथियार भी मिले। पुलिस ने बताया कि हथियारों के लाइसेंस का सत्यापन कराया गया, जो वैध पाए गए।

राजू की जन्मतिथि पर आयोजित थी पार्टी

जांच में पता चला कि पार्टी राजू नाम के युवक की जन्मतिथि पर आयोजित की गई थी। इसमें कई लोगों को आमंत्रित किया गया था। मनोरंजन के लिए दो डांसर भी बुलाई गई थीं। पुलिस के पहुंचते ही पार्टी में सभी इधर-ऊधर भागने लगे। एक महिला डांसर भी शराब के नशे में पाई गई। उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार लोगों के नाम

गिरफ्तार लोगों में सतीश कुमार (49), संजय कुमार (46), ब्रजेश कुमार (41), कृष्ण मुरारी (46), गुड्डू कुमार (45), मनीष कुमार (48), बैजू कुमार उर्फ बिरजू (26), चंदन कुमार (27), कमलेश्वरी प्रसाद (48) और जय सरकार (24) शामिल हैं। ये पटना, जहानाबाद, नालंदा और पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। रिसोर्ट मैनेजर शंकर पोद्दार को भी गिरफ्तार किया गया है, जो खगड़िया जिले के रहने वाले हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News