Himachal Pradesh News: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 3 और 4 दिसंबर को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों, शिमला और मनाली में बारिश व बर्फबारी हो सकती है। निचले इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। नवंबर में सामान्य से 82 फीसदी कम बारिश हुई है।
प्रदेश में दिसंबर के पहले सप्ताह में मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 3 और 4 दिसंबर को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान शिमला और मनाली में भी सीजन की पहली बर्फबारी होने की संभावना है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए यह राहत भरी खबर है। हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश और बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 दिसंबर को प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 4 दिसंबर को इसका दायरा बढ़ने की संभावना है। इस दिन उच्च पर्वतीय इलाकों के साथ मध्यवर्ती क्षेत्रों में भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। शिमला और मनाली में भी 4 दिसंबर के आसपास बर्फ गिरने के आसार जताए गए हैं। इसके विपरीत प्रदेश के निचले और मैदानी इलाकों में 3 और 4 दिसंबर को मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।
निचले इलाकों में घने कोहरे का यलो अलर्ट
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना के बीच प्रदेश के निचले और मैदानी इलाकों में घने कोहरे का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक लगातार चार दिनों के लिए राज्य के अधिकांश निचले इलाकों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर जिले में भाखड़ा बांध जलाशय के आसपास के क्षेत्रों, मंडी जिले की बल्ह घाटी और हमीरपुर जिले के सुजानपुर टिहरा सहित आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है।
शून्य से नीचे पहुंचा तापमान, पानी जमने लगा
मौसम विभाग की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहुल-स्पीति के ताबो में माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 3.5 डिग्री सेल्सियस और केलंग में माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य शहरों में सेओबाग में 2.5 डिग्री सेल्सियस और बजौरा में 2.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
उधर, प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। लाहुल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के ऊंचे क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने के कारण झीलों, झरनों और नालों का पानी जम गया है।
नवंबर में सामान्य से 82 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में नवंबर के दौरान बारिश की स्थिति बेहद कमजोर रही है। इस महीने सामान्य से 82 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। बारिश की भारी कमी के चलते लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है। ऐसे में दिसंबर के पहले सप्ताह में पहाड़ी क्षेत्रों में संभावित बारिश और बर्फबारी से मौसम में बदलाव की उम्मीद की जा रही है।